
उज्जैन जिले के इंगोरिया थाना अंतर्गत ग्राम खरसौद खुर्द में बिजली बिल की वसूली करने पहुंचे विभागीय अमले के साथ अभद्रता और मारपीट का मामला सामने आया है। बिजली कंपनी में वरिष्ठ परीक्षण सहायक के पद पर पदस्थ 50 वर्षीय ईश्वर भिलाला अपने सहयोगी कर्मचारियों कचरू गारी, घनश्याम गारी और अनिल के साथ श्याम पंड्या के खेत स्थित मकान पर पहुंचे थे। वे वहां लगे अस्थाई कृषि विद्युत कनेक्शन के बकाया बिल की वसूली का प्रयास कर रहे थे।
पीड़ित कर्मचारी ईश्वर भिलाला के अनुसार, जब उन्होंने बकाया राशि जमा करने को कहा, तो श्याम पंड्या ने भुगतान से साफ इनकार करते हुए उन्हें वहां से जाने को कहा। कर्मचारी द्वारा नियमानुसार कनेक्शन काटने की बात कहने पर आरोपी ने कथित रूप से जातिसूचक गालियां दीं और विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि श्याम पंड्या और उसके बेटे अर्जुन पंड्या ने मिलकर कर्मचारी पर हाथ-मुक्कों से हमला कर दिया। इस मारपीट में कर्मचारी की बाईं आंख, कंधे और सिर में चोटें आई हैं। गुरुवार को इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया, जिसमें विवाद के दौरान परिवार के अन्य सदस्य भी नजर आ रहे हैं।
घटना के तुरंत बाद घायल कर्मचारी और उनके साथी किसी तरह जान बचाकर इंगोरिया थाने पहुंचे। आरोप है कि पुलिस ने तुरंत कार्रवाई नहीं की और पीड़ित कर्मियों को प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) दर्ज कराने के लिए करीब चार घंटे तक थाने में इंतजार करना पड़ा। इसके बाद सहायक यंत्री (AE) सौरभ गोस्वामी और बिजली विभाग का पूरा अमला थाने पहुंचा और विरोध दर्ज कराया। इसके बाद रात करीब आठ बजे पुलिस ने आरोपी श्याम पंड्या और उसके बेटे अर्जुन पंड्या के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, मारपीट और अन्य धाराओं में अपराध पंजीबद्ध किया।
Leave A Reviews