
मंदसौर। मध्य प्रदेश के मंदसौर शहर में कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार रात बड़ी कार्रवाई करते हुए अभिनंदन नगर क्षेत्र की कर्मचारी कॉलोनी में संचालित नकली घी बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने मौके से तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लगभग 40 लीटर नकली घी, नकली शहद और घी बनाने में उपयोग किए जा रहे उपकरण जब्त किए हैं।
जानकारी के अनुसार कर्मचारी कॉलोनी के पीछे एक अस्थायी डेरे में भट्टियां लगाकर नकली घी तैयार किया जा रहा था। कोतवाली थाने के एसआई संदीप मौर्य ने टीम के साथ दबिश देकर नानु, बंशी सहित तीन आरोपितों को रंगे हाथों पकड़ा। मौके से गैस टंकी, चूल्हा, भट्टियां, मोबाइल फोन और एक बाइक भी जब्त की गई।
पहले भी पकड़ा जा चुका है बड़ा नेटवर्क
उल्लेखनीय है कि 1 फरवरी को नई आबादी पुलिस और खाद्य विभाग की संयुक्त कार्रवाई में सीतामऊ फाटक क्षेत्र से करीब 150 लीटर नकली घी जब्त किया गया था। उस मामले में अहमदाबाद (गुजरात) निवासी गोपाल और संजय पुत्र अशोक बागरी को गिरफ्तार किया गया था। दोनों डालडा, सोयाबीन तेल और केमिकल मिलाकर करीब 200 रुपये प्रति किलो की दर से नकली घी बेच रहे थे।
आर्टिफिशियल फ्रेगरेंस से तैयार होता था ‘देशी घी’
जांच में सामने आया कि आरोपित डालडा और सोयाबीन तेल में केमिकल व आर्टिफिशियल देशी फ्रेगरेंस मिलाकर घी तैयार करते थे, ताकि उसमें असली घी जैसी खुशबू आ सके। इस तरह तैयार नकली घी ग्रामीण क्षेत्रों में बेचकर लोगों की सेहत से खिलवाड़ किया जा रहा था।
पुलिस ने जब्त सामग्री को जांच के लिए भेज दिया है और पूरे नेटवर्क की पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।

Leave A Reviews