Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

सिंगरौली में भाजपा नेता के घर वन विभाग का छापा, साल के पांच लट्ठे जब्त, वन अपराध का केस दर्ज


सिंगरौली जिले के सरई क्षेत्र में वन विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भाजपा नेता जगावली जायसवाल और उनके भाई रामपति जायसवाल के घर पर छापा मारा। छापामार कार्रवाई के दौरान दोनों भाइयों के मकान से साल (सखुआ) के पांच भारी लट्ठे बरामद किए गए। वन अमले द्वारा लकड़ी की खरीद, कटाई अथवा परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगने पर आरोपी कोई भी अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सके, जिसके बाद विभाग ने सोमवार को लकड़ी जब्त कर वन अपराध दर्ज कर लिया।

वन विभाग के अनुसार, जब्त की गई लकड़ी का कुल आयतन 2.671 घन मीटर यानी लगभग 94.34 घन फीट आंका गया है। लट्ठों की लंबाई 2.10 से 2.60 मीटर तथा गोलाई 1.70 से 2.20 मीटर के बीच दर्ज की गई है। खुले बाजार की अनुमानित दरों के आधार पर इस बेशकीमती प्रकाष्ठ की कीमत करीब 1.89 लाख रुपये बताई जा रही है, हालांकि विभागीय तकनीकी मूल्यांकन के बाद वास्तविक कीमत तय होगी।

मुखबिर की सूचना पर वन अमले की दबिश

विभागीय रिकॉर्ड के अनुसार, वन विभाग को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि दोनों भाइयों ने स्थानीय वन क्षेत्र से साल के संरक्षित पेड़ अवैध रूप से कटवाए हैं और लट्ठों को तस्करी के उद्देश्य से घर के परिसर में छिपाकर रखा गया है। सूचना की पुष्टि होते ही उप वन मंडल अधिकारी एनके त्रिपाठी के नेतृत्व में वन कर्मियों का दल मौके पर पहुंचा।

पूछताछ के दौरान मकान में मौजूद लोग लकड़ी का कोई वैध ट्रांजिट पास (टीपी) या बिल नहीं दिखा सके। इसके बाद वन अमले ने विधिवत जब्ती पंचनामा तैयार कर पांचों लट्ठों को विभागीय वाहन में लोड करवाकर अभिरक्षा में ले लिया।

वन अपराध अधिनियम के तहत कानूनी शिकंजा

उप वन मंडल अधिकारी एनके त्रिपाठी ने बताया कि वन संपदा की सुरक्षा के लिए लगातार गश्त की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि लकड़ी को अन्यत्र खपाने या तस्करी करने की तैयारी थी, लेकिन समय रहते कार्रवाई कर इसे नाकाम कर दिया गया।

विभाग ने मध्य प्रदेश वन उपज (व्यापार विनियमन) अधिनियम 1969 के प्रावधानों के अंतर्गत वन अपराध प्रकरण क्रमांक 278/05 कायम किया है। इस मामले में संलिप्त अन्य लोगों और कटाई स्थल की पड़ताल के लिए आगे की कानूनी जांच जारी है।

Date & Time : 2026-11-02 10:05:41

Share:

Leave A Reviews

Related News