
पन्ना जिले में जंगलों की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाला ही वनरक्षक अवैध सागौन कटाई में लिप्त पाया गया है। मामला पन्ना टाइगर रिजर्व के बफर ज़ोन क्षेत्र का है, जहां पदस्थ वनरक्षक संतोष प्रजापति को आरोप सिद्ध होने पर निलंबित कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, वन विभाग को लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि संबंधित वनरक्षक संरक्षण के बजाय सागौन के पेड़ों की अवैध कटाई को बढ़ावा दे रहा है। शिकायतों की गंभीरता को देखते हुए विभागीय अधिकारियों ने गोपनीय जांच शुरू की। जांच में साक्ष्य पुख्ता मिलने के बाद कार्रवाई की गई।
वन विभाग की टीम ने पहले बफर क्षेत्र में दबिश दी, जहां वनरक्षक मौके से फरार हो गया। इसके बाद न्यायालय से सर्च वारंट लेकर उसके घर की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान भारी मात्रा में अवैध सागौन लकड़ी बरामद हुई, जिसका वजन करीब 2255 घन मीटर बताया जा रहा है। लकड़ी को मौके पर ही जब्त कर लिया गया।
आरोपी वनरक्षक के खिलाफ वन अपराध का प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। विभागीय स्तर पर उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वन विभाग की टीमें उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जंगलों की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही या संलिप्तता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Leave A Reviews