
कटनी जिले के स्लीमनाबाद क्षेत्र में 8 वर्षीय छात्र आकाश चौधरी की मौत के बाद आक्रोश भड़क गया। गुस्साए परिजन और ग्रामीणों ने बच्चे का शव थाने के सामने रखकर दो घंटे तक प्रदर्शन किया और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
इमलिया गांव निवासी आकाश नवीन शिक्षा निकेतन बंधी आश्रम में दूसरी कक्षा का छात्र था। परिजनों का आरोप है कि 16 जनवरी को स्कूल में ही एक अन्य छात्र ने उसके सिर पर डंडे से वार कर दिया था। चोट गंभीर होने पर उसे पहले सिहोरा और फिर जबलपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां गुरुवार को उसकी मौत हो गई।
बेटे की मौत से नाराज माता-पिता और सैकड़ों ग्रामीण शव लेकर स्लीमनाबाद थाने पहुंचे और स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज करने की मांग की।
परिजनों ने चेतावनी दी है कि यदि निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं की गई तो वे उग्र आंदोलन करेंगे। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच का आश्वासन दिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।

Leave A Reviews