
पन्ना। जिले में नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और बाद में उनका शहर में जुलूस भी निकाला गया।
पुलिस के अनुसार घटना 29 अप्रैल 2026 की है। नाबालिग लड़की अपने एक परिचित युवक से मिलने देवेन्द्रनगर क्षेत्र पहुंची थी। इसी दौरान युवक अपने एक साथी के साथ बाइक से वहां आया। कुछ समय बाद दो बाइकों पर सवार अन्य युवक वहां पहुंचे और विवाद करने लगे।
आरोप है कि आरोपियों ने पहले युवक से नकदी, मोबाइल और चांदी की चेन छीन ली। इसके बाद तीनों को डराकर अपने कब्जे में लिया और “थाने ले जाने” का दबाव बनाते हुए सुनसान जंगल की ओर ले गए। वहां युवक और उसके साथी को अलग कर उनके साथ मारपीट की गई और उन्हें बंधक बनाकर बैठा दिया गया।
शिकायत के अनुसार आरोपियों ने नाबालिग को जबरन झाड़ियों की ओर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए देवेन्द्रनगर थाना पुलिस ने अलग-अलग टीमों का गठन कर कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने बड़ागांव क्षेत्र से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी संतोष यादव के अनुसार आरोपियों को पकड़ने के बाद घटना स्थल की तस्दीक कराई गई है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान श्रीपाल (22), राहुल (27), शनि पाल (23) और हेतराम उर्फ हित्तू पटेल (50) के रूप में हुई है, जो सभी बड़ागांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी और पीड़िता को हर संभव न्याय दिलाया जाएगा।
Leave A Reviews