
मंडला। जिले में पुलिस ने सराफा व्यापारी से हुई लाखों की चोरी के मामले का बड़ा खुलासा किया है। पिंडरई बाजार में हुई इस वारदात में शामिल पारदी गैंग के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 52.89 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर, नगदी और वाहन बरामद किए हैं।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देशन में चौकी पिंडरई पुलिस द्वारा की गई। जानकारी के अनुसार, 25 अप्रैल 2026 को कन्हरगांव निवासी सराफा व्यापारी पवन कुमार सोनी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि पिंडरई बाजार में दुकान लगाने के दौरान अज्ञात बदमाशों ने उनका बैग चोरी कर लिया। बैग में सोने-चांदी के आभूषण, नगदी, गिरवी रजिस्टर और अन्य जरूरी दस्तावेज रखे हुए थे। चोरी गए सामान की कीमत लगभग 50 लाख रुपये आंकी गई थी।
घटना के बाद पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज, मुखबिरों से मिली जानकारी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही। जांच में सामने आया कि आरोपी सीहोर जिले के लमटी राला पारदीपुरा क्षेत्र के रहने वाले हैं, जो कंगन, चूड़ी और रुद्राक्ष बेचने के बहाने मंडला, सिवनी और बालाघाट के बाजारों में घूमते थे।
पुलिस के अनुसार आरोपी समनापुर-सांगवा क्षेत्र के पास रेलवे लाइन किनारे अस्थायी डेरा बनाकर रह रहे थे। 25 अप्रैल को उन्होंने पिंडरई बाजार में पहले रेकी की और मौका मिलते ही सराफा व्यापारी का बैग चोरी कर लिया। वारदात के बाद आरोपी मोटरसाइकिल और अल्टो कार से फरार हो गए और बाद में चोरी के माल का बंटवारा अपने डेरे पर किया।
पुलिस ने इस मामले में तीन वयस्क आरोपियों और दो नाबालिग बालकों को हिरासत में लिया है। उनके पास से 278 ग्राम सोने के आभूषण, 5 किलो 492 ग्राम चांदी के जेवर, 30 हजार रुपये नगद, एक अल्टो कार और एक TVS राइडर मोटरसाइकिल जब्त की गई है।
एडिशनल एसपी राजकुमार वर्मा ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि चोरी का माल नैनपुर क्षेत्र में उनके अस्थायी डेरे के पास नाले के किनारे गाड़कर छिपाया गया था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर पूरा माल बरामद कर लिया है।
चोरी के त्वरित खुलासे और शत-प्रतिशत बरामदगी पर डीजीपी और आईजी ने पुलिस टीम को 20 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है। फिलहाल मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
Leave A Reviews