
रीवा शहर में रसोई गैस की बढ़ती किल्लत का असर अब सार्वजनिक संस्थानों और आम जनजीवन पर दिखने लगा है। गैस सिलेंडर की अनुपलब्धता के कारण पुलिस लाइन परिसर में संचालित ‘दा डेली टेस्ट’ रेस्टोरेंट पर ताला लग गया है। वहीं, घरेलू सिलेंडरों के व्यावसायिक दुरुपयोग को रोकने के लिए कलेक्टर प्रतिभा पाल के निर्देशन में खाद्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 14 सिलेंडर जब्त किए हैं।
पुलिस कैंटीन के रेस्टोरेंट में पसरा सन्नाटा गैस की किल्लत का सबसे बड़ा असर पुलिस लाइन स्थित पुलिस कैंटीन के रेस्टोरेंट पर पड़ा है। रोजाना बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों और आम लोगों को भोजन उपलब्ध कराने वाला यह रेस्टोरेंट गैस न मिलने के कारण बंद करना पड़ा। संस्थान के संचालकों का कहना है कि गैस की सप्लाई न होने की वजह से रसोई का संचालन संभव नहीं हो पा रहा था, जिसके चलते फिलहाल ताला लगा दिया गया है।
बीड़ा-सेमरिया रोड पर प्रशासन का छापा शहर में गैस की कृत्रिम कमी को देखते हुए प्रशासन ने कालाबाजारी और दुरुपयोग करने वालों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। सोमवार रात खाद्य विभाग की टीम ने बीड़ा-सेमरिया रोड स्थित कई होटलों और जलपान गृहों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान पाया गया कि कई व्यावसायिक प्रतिष्ठान नियमों को ताक पर रखकर घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग कर रहे थे।
14 सिलेंडर जब्त, संचालकों पर गिरेगी गाज निरीक्षण के दौरान टीम ने विभिन्न होटलों से 14 घरेलू गैस सिलेंडर मौके पर ही जब्त किए। खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इन प्रतिष्ठानों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। अधिकारियों का स्पष्ट कहना है कि घरेलू गैस केवल आम उपभोक्ताओं के लिए है, इसका कमर्शियल उपयोग पूरी तरह अवैध है।
कालाबाजारी रोकने के लिए जारी रहेगी कार्रवाई प्रशासन के अनुसार, होटलों और दुकानों में घरेलू सिलेंडरों के अवैध उपयोग से बाजार में गैस की कृत्रिम कमी पैदा हो रही है। कलेक्टर के निर्देश पर शुरू हुआ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा ताकि आम उपभोक्ताओं को समय पर गैस मिल सके और कालाबाजारी पर लगाम लगाई जा सके।
Leave A Reviews