Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

बिजुरी में देवी तालाब पर छठ महापर्व की भव्य तैयारी


अनूपपुर जिले के बिजुरी नगर पालिका क्षेत्र अंतर्गत बिजुरी में देवी तालाब पर छठ महापर्व की भव्य तैयारी जोरों पर चल रही है। कार्तिक शुक्ल षष्ठी के पावन अवसर पर मनाए जाने वाले लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ को अत्यंत धूमधाम व गरिमामय ढंग से आयोजित करने के लिए प्रशासन और समिति पूरी तरह सक्रिय हो गए हैं। मध्य प्रदेश शासन के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिलीप जायसवाल के निर्देशन में बिजुरी नगर पालिका अध्यक्ष सहबिन लखन पनिका, उपाध्यक्ष प्रीति सतीश शर्मा, मुख्य नगर पालिका अधिकारी पवन कुमार साहू, पार्षद गुंजन हीरालाल साहू, पार्षद हुसैन अहमद तथा सूर्य सेवा समिति के अध्यक्ष विक्रमा सिंह ने संयुक्त रूप से देवी तालाब स्थित सूर्य मंदिर और छठ घाट पहुंचकर तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सहबिन लखन पनिका ने संबंधित कर्मचारियों को छठ घाट और आसपास के पूरे परिसर की बेहतर साफ-सफाई व प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए। वहीं, वार्ड पार्षद श्रीमती गुंजन हीरालाल साहू ने पर्व के दौरान पहुंचने वाले हजारों श्रद्धालुओं और विशेष रूप से महिला व्रतियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मुख्य नगर पालिका अधिकारी पवन कुमार साहू को घाट परिसर में आवश्यक अस्थायी चेंजिंग रूम तैयार कराने का महत्वपूर्ण सुझाव दिया।

 

14 नवंबर को होगी वस्त्र व ध्वज पूजा, 15 को मंत्री दिलीप जायसवाल करेंगे शिरकत

आयोजन की रूपरेखा साझा करते हुए सूर्य सेवा समिति के अध्यक्ष विक्रमा सिंह ने बताया कि महापर्व के धार्मिक अनुष्ठानों की श्रृंखला में 14 नवंबर को दोपहर 12 बजे सूर्य मंदिर परिसर में भगवान भास्कर की विधिवत वस्त्र पूजा एवं ध्वज पूजा संपन्न की जाएगी। यह पावन अनुष्ठान बिजुरी नगर पालिका अध्यक्ष सहबिन लखन पनिका, उपाध्यक्ष श्रीमती प्रीति सतीश शर्मा तथा समस्त पार्षदगणों के करकमलों से पूरा होगा।

इसके पश्चात मुख्य पर्व के दिन 15 नवंबर को शाम 4 बजे मध्य प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिलीप जायसवाल एवं हसदेव क्षेत्र के क्षेत्रीय महाप्रबंधक मनोज बिश्नोई ने सूर्य मंदिर देवी तालाब पहुंचकर कार्यक्रम में शामिल होने का आश्वासन दिया है। सूर्य सेवा समिति के अध्यक्ष विक्रमा सिंह ने समस्त नगरवासियों से इस पावन सूर्य षष्ठी छठ महापर्व में सपरिवार शामिल होकर इसे अत्यंत धूमधाम और उत्साह के साथ मनाने की अपील की है।

Date & Time : 2026-11-13 13:08:41

Share:

Leave A Reviews

Related News