Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

गुरु दत्त अपनी फिल्मों में जॉनी वॉकर के लिए बनवाते थे खास किरदार, 'प्यासा' में किया था बदलाव


मुंबई, 10 नवंबर (आईएएनएस)। जॉनी वॉकर हिंदी सिनेमा के उन कलाकारों में शामिल रहे, जिनकी कॉमेडी, बोलने का अलग अंदाज और मजेदार हाव-भाव फिल्मों की गंभीर कहानी के बीच भी दर्शकों को हंसने का मौका देते थे। जॉनी वॉकर की निर्देशक गुरु दत्त के साथ खास दोस्ती थी। दोनों का रिश्ता इतना गहरा था कि गुरु दत्त अपनी फिल्मों में जॉनी वॉकर के लिए स्पेशल रोल तैयार करवाते थे। यहां तक कि फिल्म 'प्यासा' में उनके लिए पहले से सोची गई भूमिका को भी बदल दिया गया था, क्योंकि गुरु दत्त नहीं चाहते थे कि उनका दोस्त पर्दे पर नकारात्मक किरदार निभाए।

मुंबई, 10 नवंबर (आईएएनएस)। जॉनी वॉकर हिंदी सिनेमा के उन कलाकारों में शामिल रहे, जिनकी कॉमेडी, बोलने का अलग अंदाज और मजेदार हाव-भाव फिल्मों की गंभीर कहानी के बीच भी दर्शकों को हंसने का मौका देते थे। जॉनी वॉकर की निर्देशक गुरु दत्त के साथ खास दोस्ती थी। दोनों का रिश्ता इतना गहरा था कि गुरु दत्त अपनी फिल्मों में जॉनी वॉकर के लिए स्पेशल रोल तैयार करवाते थे। यहां तक कि फिल्म 'प्यासा' में उनके लिए पहले से सोची गई भूमिका को भी बदल दिया गया था, क्योंकि गुरु दत्त नहीं चाहते थे कि उनका दोस्त पर्दे पर नकारात्मक किरदार निभाए।

जॉनी वॉकर का असली नाम बदरुद्दीन जमालुद्दीन काजी था। उनका जन्म इंदौर में हुआ था। परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण उन्हें कम उम्र में ही काम करना पड़ा। बाद में वह मुंबई पहुंचे और बस में कंडक्टर की नौकरी करने लगे। बस में टिकट काटने के साथ वह यात्रियों को अपने मजेदार अंदाज और नकल उतारने की कला से हंसाया करते थे। उनकी यही आदत एक दिन उनके फिल्मी करियर की वजह बन गई।

दरअसल, अभिनेता बलराज साहनी ने उन्हें बस में यात्रियों को हंसाते हुए देखा था। वह जॉनी के अंदाज से काफी प्रभावित हुए और उन्हें निर्देशक गुरु दत्त से मिलने की सलाह दी। गुरु दत्त उस समय फिल्म 'बाजी' पर काम कर रहे थे। बदरुद्दीन उनसे मिलने पहुंचे और अपने अभिनय से उन्हें प्रभावित कर दिया। गुरु दत्त ने उन्हें साल 1951 में आई फिल्म 'बाजी' में मौका दिया। इसी दौरान उन्होंने बदरुद्दीन को मशहूर व्हिस्की ब्रांड के नाम पर जॉनी वॉकर नाम दिया। इसके बाद वह इसी नाम से पहचाने जाने लगे।

गुरु दत्त और जॉनी वॉकर की दोस्ती आगे चलकर हिंदी सिनेमा की यादगार जोड़ियों में शामिल हो गई। दोनों ने 'आर-पार', 'मिस्टर एंड मिसेज 55', 'सीआईडी' और 'प्यासा' जैसी फिल्मों में साथ काम किया। साल 1954 में आई 'आर-पार' में जॉनी वॉकर ने रुस्तम का किरदार निभाया। इस फिल्म में उनकी कॉमेडी और गीत 'अरे ना ना ना तौबा तौबा' काफी पसंद किया गया। इसके बाद 'मिस्टर एंड मिसेज 55' में वह गुरु दत्त के दोस्त जॉनी के किरदार में नजर आए।

हालांकि, दोनों की दोस्ती का सबसे दिलचस्प किस्सा फिल्म 'प्यासा' से जुड़ा है। जॉनी वॉकर के बेटे नासिर खान ने एक इंटरव्यू में बताया था कि फिल्म में पहले उनके पिता के लिए दूसरा किरदार सोचा गया था। लेकिन गुरु दत्त को लगा कि कहानी आगे बढ़ने पर यह किरदार नकारात्मक हो जाता है। वह नहीं चाहते थे कि जॉनी वॉकर का किरदार आखिर में बुरा साबित हो, इसलिए उन्होंने उनके लिए स्पेशल रोल तैयार करवाया। इस तरह फिल्म में जॉनी वॉकर ने अब्दुल सत्तार नाम के मालिश करने वाले का किरदार निभाया। यह भूमिका दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हुई।

'प्यासा' में जॉनी वॉकर पर फिल्माया गया गीत 'सर जो तेरा चकराए' आज भी हिंदी सिनेमा के यादगार गीतों में गिना जाता है। मोहम्मद रफी की आवाज और जॉनी वॉकर के मजेदार अंदाज ने इस गाने को खास बना दिया। कहा जाता है कि गुरु दत्त अपनी फिल्मों में जॉनी वॉकर को खुलकर अभिनय और डायलॉग्स में बदलाव करने की छूट भी देते थे।

जॉनी वॉकर ने गुरु दत्त के अलावा दूसरे बड़े निर्देशकों के साथ भी काम किया। 'सीआईडी' में उनका किरदार और 'ये है बॉम्बे मेरी जान' गीत काफी मशहूर हुआ। इसके अलावा, 'चोरी चोरी', 'नया दौर', 'मधुमती', 'मेरे महबूब' और 'आनंद' जैसी फिल्मों में भी उन्होंने अपनी अदाकारी का रंग दिखाया। फिल्म 'मधुमती' के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता का फिल्मफेयर पुरस्कार मिला, जबकि 'शिकार' के लिए सर्वश्रेष्ठ कॉमेडियन का फिल्मफेयर पुरस्कार दिया गया।

जॉनी वॉकर की जिंदगी का एक और दिलचस्प पहलू यह था कि फिल्मों में शराबी के किरदार निभाने के बावजूद वह असल जिंदगी में शराब से दूर रहे। वह पूरी तरह शराब न पीने वाले इंसान थे। पर्दे पर शराबी की भूमिका को इतनी सहजता से निभाना उनकी अभिनय क्षमता का प्रमाण था।

साल 1964 में गुरु दत्त के निधन के बाद जॉनी वॉकर को गहरा झटका लगा। उनके बेटे के मुताबिक, पिता अपने दोस्त और मार्गदर्शक को खोने के बाद फिल्मों से दूर होना चाहते थे। हालांकि, उन्होंने बाद में भी काम जारी रखा। करीब 14 साल तक फिल्मों से दूर रहने के बाद वह कमल हासन की फिल्म 'चाची 420' (1997) में नजर आए। इसमें उन्होंने जोसेफ का किरदार निभाया था।

29 जुलाई 2003 को जॉनी वॉकर का निधन हो गया।

--आईएएनएस

पीके/एबीएम

Date & Time : 2026-11-10 18:35:04

Share:

Leave A Reviews

Related News