Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

'रामायण' देखकर निराश हुए नीतीश भारद्वाज, कहा- 'फिल्म को लेकर अपनी पुरानी तारीफ वापस लेता हूं'


मुंबई, 10 नवंबर (आईएएनएस)। बी. आर. चोपड़ा के टीवी शो 'महाभारत' में भगवान कृष्ण का किरदार निभाकर घर-घर में पहचान बनाने वाले अभिनेता नीतीश भारद्वाज फिल्म 'रामायण' से काफी निराश हैं। उन्होंने फिल्म देखने के बाद पहले की गई अपनी तारीफ वापस लेने की बात कही।

मुंबई, 10 नवंबर (आईएएनएस)। बी. आर. चोपड़ा के टीवी शो 'महाभारत' में भगवान कृष्ण का किरदार निभाकर घर-घर में पहचान बनाने वाले अभिनेता नीतीश भारद्वाज फिल्म 'रामायण' से काफी निराश हैं। उन्होंने फिल्म देखने के बाद पहले की गई अपनी तारीफ वापस लेने की बात कही।

अभिनेता का कहना है कि रामायण केवल एक कहानी नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और सभ्यतागत विरासत का अहम हिस्सा है। इसके पात्रों, उनके मूल्यों और महत्व को अपनी सुविधा के अनुसार नए रूप में पेश नहीं किया जाना चाहिए।

नीतीश ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि भगवान राम का अवतार धर्म की रक्षा, परंपराओं को बनाए रखने और मर्यादा की स्थापना के लिए हुआ था। ऐसे में फिल्म में रावण को बेहद उदार, सामाजिक रूप से न्यायप्रिय और निष्पक्ष व्यक्ति के रूप में दिखाना उन्हें सही नहीं लगा।

नीतीश भारद्वाज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए अपनी बात रखी।

उन्होंने लिखा, ''रामायण भारत के डीएनए में है। रामायण केवल एक कहानी नहीं है। यह सनातन भारत की सभ्यतागत और आध्यात्मिक चेतना में गहराई से बसी हुई है। इसके नायक, नायिका और खलनायक इस महाकाव्य के मूल्यों और संदेश का अहम हिस्सा हैं। उनके चरित्र और महत्व को यूं ही नए सिरे से परिभाषित नहीं किया जा सकता।''

उन्होंने आगे लिखा, ''भगवान महाविष्णु ने धर्म की रक्षा, परंपरा को बनाए रखने और मर्यादा स्थापित करने के लिए राम अवतार लिया था। फिल्म में रावण को असाधारण रूप से उदार, सामाजिक रूप से न्यायप्रिय और निष्पक्ष दिखाकर, मेरी नजर में रामायण के नैतिक आधार को बदल दिया गया है। इससे भगवान के अवतार लेने का मूल उद्देश्य भी कमजोर होता है।''

नीतीश ने फिल्म को लेकर अपनी पुरानी तारीफ वापस लेने की बात भी साफ शब्दों में कही।

उन्होंने लिखा, ''मैं इस फिल्म से बेहद दुखी और निराश हूं। मैं इसके बारे में पहले की पोस्ट वापस लेता हूं। मुझे इस फिल्म में तारीफ करने लायक एक भी बात नजर नहीं आती। शानदार वीएफएक्स रामायण के मूल्यों, दार्शनिक गहराई और आध्यात्मिक सार की जगह कभी नहीं ले सकते।''

उन्होंने फिल्म के अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय सिनेमा का प्रतिनिधित्व करने पर भी सवाल उठाया।

अभिनेता ने कहा, ''भारत की सांस्कृतिक विरासत को जिम्मेदारी के साथ दिखाया जाना चाहिए। जिस फिल्म की कहानी भारत के इतिहास, विरासत और मूल आध्यात्मिक मूल्यों को गलत तरीके से पेश करती हो, वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय सिनेमा का प्रतिनिधित्व करने के योग्य नहीं है।''

गौरतलब है कि नीतीश भारद्वाज ने फिल्म का ट्रेलर देखने के बाद इसकी तारीफ की थी। उस समय उन्होंने कहा था कि फिल्म में ऑस्कर की बेस्ट फॉरेन फिल्म कैटेगरी में जगह बनाने की मजबूत संभावना है। हालांकि, पूरी फिल्म देखने के बाद उनका नजरिया बदल गया और उन्होंने अपनी पुरानी तारीफ वापस ले ली।

नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी ''रामायण'' में रणबीर कपूर, साई पल्लवी, यश, रवि दुबे, अरुण गोविल और लारा दत्ता सहित कई कलाकार हैं।

यह फिल्म 5 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।

--आईएएनएस

पीके/एबीएम

Date & Time : 2026-11-10 16:50:04

Share:

Leave A Reviews

Related News