नई दिल्ली, 11 अक्टूबर (आईएएनएस)। भाजपा नेता एचएस फुल्का ने 10 अक्टूबर को गुरुद्वारा बंगला साहिब परिसर में हुए कथित विरोध प्रदर्शन को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह घटनाक्रम अचानक नहीं था, बल्कि एक सुनियोजित साजिश का हिस्सा हो सकता है। उन्होंने कहा कि अगर जांच हो जाए तो गुरुद्वारा बंगला साहिब परिसर में घुसे प्रदर्शनकारी आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता निकलेंगे।
![]()

एचएस फुल्का ने कहा कि लंबे समय से जंतर-मंतर, बोट क्लब और अन्य स्थानों पर प्रदर्शन करने वाले लोग गुरुद्वारा बंगला साहिब में ठहरते रहे हैं, जहां उन्हें शरण और लंगर जैसी सुविधाएं मिलती रही हैं लेकिन इस बार स्थिति अलग रही और कुछ प्रदर्शनकारियों ने गुरुद्वारा परिसर के भीतर ही विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
उन्होंने दावा किया कि सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में कुछ लोग बैनर लेकर बैठे दिखाई दे रहे हैं और परिसर के भीतर भाषण दिए जा रहे हैं। फुल्का के अनुसार, सेवादारों द्वारा रोकने के बावजूद उनकी बात नहीं मानी गई और गुरुद्वारे के अंदर प्रदर्शन जारी रखा गया।
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि यह एक सोची-समझी रणनीति हो सकती है, जिसके तहत पुलिस को हस्तक्षेप करने के लिए मजबूर किया जाए और बाद में यह प्रचार किया जाए कि पुलिस गुरुद्वारे के अंदर पहुंच गई। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
एचएस फुल्का ने दावा किया कि इस घटनाक्रम के पीछे आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं की भूमिका हो सकती है, हालांकि उन्होंने अपने आरोपों के समर्थन में कोई प्रत्यक्ष साक्ष्य सार्वजनिक नहीं किया और जांच की मांग की।
उन्होंने गुरुद्वारा प्रबंधन समिति से भी आग्रह किया कि गुरुद्वारे की मर्यादा के उल्लंघन के मामले में उचित कार्रवाई की जाए। उनके अनुसार, सेवादारों के मना करने के बावजूद परिसर में राजनीतिक भाषण देना और पोस्टर प्रदर्शित करना धार्मिक स्थल की मर्यादा के खिलाफ है।
एचएस फुल्का ने कहा कि इस मामले से जुड़े वीडियो उपलब्ध हैं और पुलिस को संबंधित लोगों की पहचान कर पूरे घटनाक्रम की जांच करनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि इससे पहले हुए सीजेपी के आंदोलन के दौरान भी प्रदर्शनकारी गुरुद्वारा परिसर में गए थे, लेकिन उस समय इस प्रकार की गतिविधियां देखने को नहीं मिली थीं।
भाजपा नेता ने पूरे मामले की विस्तृत जांच की मांग करते हुए कहा कि यदि किसी भी राजनीतिक दल या व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ उचित कार्रवाई की जानी चाहिए।
--आईएएनएस
एएमटी/वीसी
Leave A Reviews