
सेवढ़ा. सनकुआं धाम स्थित बलरामशरण आश्रम से लापता दो साधुओं का करीब 29 दिन बाद भी कोई पता नहीं चल सका है. लंबे समय से सुराग नहीं मिलने को लेकर ग्रामीणों और समाजजनों में नाराजगी बढ़ती जा रही है. रविवार को आश्रम परिसर में आयोजित बैठक में ग्वालियर, भिंड और दतिया जिले के 50 से अधिक गांवों के प्रतिनिधि पहुंचे.
सेवढ़ा नगर के लोगों के साथ जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के सदस्य और पाल-बघेल समाज से जुड़े लोग भी बैठक में शामिल हुए. बैठक में लोगों ने कहा कि घटना को लगभग एक महीना बीतने के बावजूद साधुओं की तलाश को लेकर प्रशासन की ओर से अब तक ऐसी ठोस प्रगति सामने नहीं आई है, जिससे उनके जल्द मिलने की उम्मीद स्पष्ट हो सके.
अब थाना प्रभारी से मिलेगा प्रतिनिधिमंडल
बैठक में मामले को लेकर चरणबद्ध आंदोलन शुरू करने पर सहमति बनी. पहले चरण में सोमवार को 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल थाना प्रभारी से मुलाकात करेगा. प्रतिनिधिमंडल पुलिस से दोनों साधुओं की तलाश में अब तक की गई कार्रवाई और जांच की प्रगति की जानकारी मांगेगा.
बैठक में तय किया गया कि पुलिस को आगे की कार्रवाई के लिए पांच दिन का समय दिया जाएगा. यदि इस अवधि में संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीण और समाजजन धरना-प्रदर्शन सहित आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे.
बैठक के दौरान पुलिस की ओर से मामले के विवेचना अधिकारी सब इंस्पेक्टर सियाराम गौड़ भी मौजूद रहे. उन्होंने ग्रामीणों के सामने अब तक की जांच और पुलिस कार्रवाई के संबंध में जानकारी साझा की.
कौन हैं लापता साधु?
बलरामशरण आश्रम में रहने वाले महंत श्रीरामशरण महाराज उर्फ बलरामशरण और उनके गुरु भाई साधु गंगाप्रसाद बघेल उर्फ गंगाशरण महाराज के लापता होने की सूचना सामने आने के बाद से ही उनकी तलाश की जा रही है.
परिजनों की ओर से दोनों के संबंध में अज्ञात व्यक्ति द्वारा अपहरण की आशंका जताई गई थी. इस संबंध में डिरोलीपार की मंगरोल चौकी में मामला दर्ज कराया गया है.
पहले भी सौंपा जा चुका है ज्ञापन
साधुओं का पता नहीं चलने के बाद ग्रामीणों ने मामले को लेकर तहसीलदार को ज्ञापन भी सौंपा था. अब आश्रम परिसर में हुई बैठक के बाद ग्रामीणों और समाजजनों ने आंदोलन की रणनीति तैयार की है.
बैठक में कमलाशरण महाराज, रत्नदास महाराज, मस्तराम दास महाराज, स्वामी ज्ञानानंद महाराज, रामप्रिय दास महाराज, श्यामगिरी महाराज और परमदास महाराज सहित अन्य संत एवं समाजजन मौजूद रहे.
Leave A Reviews