
सिवनी. बरघाट थाना क्षेत्र में सोमवार रात एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की जान चली गई. खूंट गांव के पास हुए इस हादसे में युवक की बाइक सामने से आ रहे सरकारी पुलिस वाहन से टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. मृतक की पहचान बरघाट क्षेत्र के पौनिया गांव निवासी रविन्द्र पटले (32) के रूप में हुई है.
बताया जा रहा है कि जिस सरकारी बोलेरो से बाइक की भिड़ंत हुई, उसमें 36वीं बटालियन के पुलिस जवान सवार थे. जवान बालाघाट से सिवनी की ओर जा रहे थे. हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए. युवक की मौत की जानकारी मिलने के बाद लोगों में नाराजगी देखी गई और उन्होंने घटनास्थल पर हंगामा शुरू कर दिया.
मुआवजे और सरकारी नौकरी की मांग
हादसे के बाद ग्रामीणों ने मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता देने के साथ सरकारी नौकरी दिए जाने की मांग रखी. लोगों ने दुर्घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की.
स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलते ही बरघाट पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें समझाइश दी, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित किया जा सका.
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की और पोस्टमार्टम कराया. इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है.
पुलिस के मुताबिक, हादसे में सरकारी वाहन में सवार किसी भी पुलिसकर्मी को चोट नहीं आई है. दुर्घटना में शामिल सरकारी वाहन और पुलिस कर्मियों से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है.
प्रत्यक्षदर्शियों से भी जुटाई जा रही जानकारी
बरघाट थाना प्रभारी मोहनीश वेस ने बताया कि 36वीं बटालियन के जवान सरकारी वाहन से बालाघाट से सिवनी जा रहे थे. इसी दौरान खूंट गांव के पास वाहन की बाइक से भिड़ंत हो गई. हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हुई है.
पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है. दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए वाहन और बाइक की स्थिति की जांच के साथ प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी ली जा रही है. पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आगे की विवेचना शुरू कर दी है.
Leave A Reviews