हजारीबाग, 10 जून (आईएएनएस)। झारखंड के हजारीबाग जिले में स्वर्ण व्यवसायी विक्की सोनी की हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर लिया है। पुलिस के अनुसार, इस हत्याकांड का मुख्य आरोपी मृतक का जीजा विक्रम कुमार निकला। मामले में एक अन्य आरोपी दिलीप कुमार को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
![]()

प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश और व्यक्तिगत विवाद को हत्या की वजह बताया गया है। सोमवार की देर रात बरही थाना क्षेत्र में हजारीबाग रोड स्थित करसो पुल के पास विक्की सोनी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना उस समय हुई थी, जब वह अपने मित्र अभिषेक कुमार उपाध्याय के साथ कोडरमा रेलवे स्टेशन जा रहे थे। रास्ते में उनकी कार का टायर पंचर हो गया था। दोनों सड़क किनारे टायर बदल रहे थे, तभी अपराधियों ने विक्की सोनी को गोली मार दी थी।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने कई बिंदुओं पर छानबीन की। इसके बाद विक्रम कुमार और दिलीप कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में विक्रम कुमार ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। पुलिस के अनुसार, विक्रम कुमार मृतक का जीजा है, जबकि गिरफ्तार दूसरा आरोपी दिलीप कुमार मृतक का परिचित बताया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने हजारीबाग और आसपास के जिलों में हुई कुछ अन्य आपराधिक घटनाओं में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार करने की बात कही है। इनमें लूट और चोरी की घटनाएं शामिल हैं। हालांकि, पुलिस इन दावों का स्वतंत्र रूप से सत्यापन कर रही है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर अन्य मामलों की भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है। साथ ही हत्या में प्रयुक्त हथियार और घटना से जुड़े अन्य साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। स्वर्ण व्यवसायी की हत्या के विरोध में मंगलवार को हजारीबाग में स्थानीय लोगों ने घंटों सड़क जाम कर प्रदर्शन किया था।
--आईएएनएस
एसएनसी/डीकेपी
Leave A Reviews