
चतरा जिला में गुरुवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसे में चार नाबालिग छात्रों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा चिरैयातांड़ के पास पिपरवार-टंडवा रोड पर हुआ, जहां एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार, चारों किशोर एक ही बाइक पर सवार थे। इसी दौरान तेज रफ्तार और अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीन किशोरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल छात्र ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान विकास कुमार महतो (15), मंजीत कुमार महतो (14), प्रताप कुमार महतो (15) और सोनू कुमार (15) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि चारों आपस में दोस्त थे और स्थानीय ज्ञानदीप विद्या निकेतन स्कूल के छात्र थे। मृतकों में तीन किशोर बाराडीह गांव और एक हफुवा गांव का रहने वाला था।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि स्कॉर्पियो चालक शराब के नशे में था और तेज रफ्तार में वाहन चलाते हुए उसने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने मुख्य सड़क को जाम कर दिया। गुरुवार रात से शुरू हुआ यह विरोध प्रदर्शन शुक्रवार शाम तक जारी रहा। ग्रामीण आरोपी चालक की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और फरार आरोपी चालक की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद हफुवा और बाराडीह गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave A Reviews