
मुंबई. रणबीर कपूर स्टारर फिल्म 'रामायण' के टीजर में दिखाए गए VFX को लेकर जहां नेटिजन्स आलोचना कर रहे हैं, वहीं सुपरस्टार ऋतिक रोशन फिल्म के बचाव में उतर आए हैं. ऋतिक ने एक भावुक और लंबा-चौड़ा पोस्ट साझा करते हुए अपनी बचपन की यादें ताजा कीं और बताया कि कैसे विजुअल इफेक्ट्स ने उनकी जिंदगी बदली है.
"VFX खराब हो सकते हैं, पर नीयत नहीं"
ऋतिक ने ईमानदारी से स्वीकार किया कि कभी-कभी फिल्मों में VFX खराब हो सकते हैं, यहाँ तक कि उनकी अपनी फिल्मों में भी. उन्होंने लिखा:
"हाँ, खराब VFX होते हैं. कभी-कभी उन्हें देखना भी मुश्किल होता है. लेकिन हमें उन मेकर्स (कल्कि, बाहुबली और रामायण) की दूरदृष्टि को समझना चाहिए जो कुछ नया करने की हिम्मत जुटाते हैं. वे अपना पैसा और सालों की मेहनत दांव पर लगाते हैं ताकि दर्शक कुछ ऐसा अनुभव कर सकें जो पहले कभी नहीं देखा गया."
बचपन का जुनून और 'Back to the Future'
ऋतिक ने खुलासा किया कि 11 साल की उम्र में फिल्म 'बैक टू द फ्यूचर' देखने के बाद वह स्पेशल इफेक्ट्स के प्रति जुनूनी हो गए थे. उन्होंने बताया कि कैसे वह अपने पिता के वीएचएस प्लेयर पर फ्रेम-दर-फ्रेम फिल्में देखते थे और महीनों तक स्पेशल इफेक्ट्स की किताबों का इंतजार करते थे.
रामायण के मेकर्स मेरे हीरो हैं
ऋतिक ने नितेश तिवारी की 'रामायण' की तुलना 'बाहुबली' और 'कल्कि' जैसी कल्ट फिल्मों से करते हुए कहा कि ये फिल्म निर्माता आज के दौर के असली हीरो हैं. उन्होंने कहा कि ये फिल्में सिनेमा के प्रति प्यार की वजह से बनाई जाती हैं, ताकि किसी 11 साल के बच्चे के अंदर वही जादू पैदा हो सके जो उन्होंने बचपन में महसूस किया था.
Leave A Reviews