
नई दिल्ली। भारत और इटली के बीच रक्षा सहयोग को नई मजबूती मिली है। दोनों देशों ने सैन्य सहयोग योजना 2026-27 पर सहमति जताते हुए रणनीतिक साझेदारी को एक नए स्तर पर पहुंचा दिया है। पश्चिम एशिया के मौजूदा तनावपूर्ण हालात के बीच यह समझौता वैश्विक सुरक्षा दृष्टिकोण से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
नई दिल्ली में गुरुवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उनके इतालवी समकक्ष गुइडो क्रोसेटो के बीच उच्चस्तरीय बैठक हुई। इस दौरान दोनों नेताओं ने रक्षा सहयोग को और मजबूत करने के साथ-साथ क्षेत्रीय और वैश्विक सुरक्षा मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की।
बैठक के बाद राजनाथ सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि दोनों देशों ने “आत्मनिर्भर भारत” पहल के तहत रक्षा औद्योगिक सहयोग को बढ़ाने पर जोर दिया है। इसके साथ ही द्विपक्षीय सैन्य सहयोग योजना 2026-27 का आदान-प्रदान किया गया, जो भविष्य में संयुक्त प्रशिक्षण, तकनीकी सहयोग और रक्षा उत्पादन में साझेदारी को नई दिशा देगा।
यह पहली बार है जब गुइडो क्रोसेटो भारत यात्रा पर आए हैं। उन्होंने नेशनल वॉर मेमोरियल पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और रायसीना हिल्स पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
पिछले कुछ वर्षों में भारत और इटली के बीच रक्षा संबंध तेजी से मजबूत हुए हैं। जनवरी 2026 में भारत-यूरोपीय संघ के बीच रक्षा और सामरिक साझेदारी समझौते ने इस सहयोग को और गति दी है। इस साझेदारी के तहत समुद्री सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, अंतरिक्ष और आतंकवाद विरोधी अभियानों में सहयोग बढ़ाया जा रहा है।
दोनों देशों की नौसेनाएं नियमित रूप से संयुक्त अभ्यास और पोर्ट कॉल करती हैं, जिससे आपसी तालमेल और रणनीतिक विश्वास मजबूत हो रहा है। यह सहयोग केवल हथियारों की खरीद-बिक्री तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें तकनीक, प्रशिक्षण और खुफिया जानकारी का आदान-प्रदान भी शामिल है।
विशेषज्ञों के अनुसार, भारत और इटली की यह बढ़ती साझेदारी वैश्विक सुरक्षा समीकरणों में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है और बदलते भू-राजनीतिक परिदृश्य में दोनों देशों को रणनीतिक बढ़त दिला सकती है।
Leave A Reviews