
आगरा के एत्माद्दौला थाना क्षेत्र स्थित प्रकाश नगर में देर रात बदमाशों ने जमकर तांडव मचाया। छह नकाबपोश बदमाशों ने छत का लेंटर काटकर घर के अंदर प्रवेश किया। घर के सदस्य आहट पाकर जाग गए। बदमाशों ने तुरंत तमंचा और पिस्टल तान दी। उन्होंने जान से मारने की धमकी देकर सभी को बंधक बना लिया। विरोध करने पर परिवार के साथ मारपीट भी की गई। इसके बाद बदमाशों ने मुख्य दरवाजा खोलकर अपने बाकी साथियों को भी अंदर बुला लिया।
नगला छीदामी निवासी पीड़ित रामदत्त चैन फैक्ट्री से चांदी लाकर आभूषण बनाने का काम करते हैं। बदमाशों ने घर और कारखाने में रखी करीब साढ़े 30 किलो चांदी समेट ली। इसके अलावा वे फैक्ट्री से जुड़ा अन्य कीमती सामान भी लूट ले गए। बदमाश पूरी तैयारी के साथ आए थे। उन्होंने परिवार को एक कमरे में बंद कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी आराम से मौके से भाग निकले। इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत पैदा कर दी है।
क्षेत्र में इतनी बड़ी वारदात होने के बाद पुलिस की रात्रि गश्त पर सवाल खड़े हो रहे हैं। पीड़ित परिवार का आरोप है कि सूचना देने के बाद जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो उसने सहानुभूति दिखाने के बजाय उन्हें ही फटकार लगाई। पीड़ित से ही उल्टे सीधे सवाल-जवाब किए गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की निष्क्रियता के कारण बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। पुलिस की कार्यशैली को लेकर क्षेत्र के निवासियों में काफी नाराजगी देखी जा रही है।
वारदात की सूचना मिलने के बाद वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस का कहना है कि आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। अधिकारियों ने दावा किया है कि इस डकैती का जल्द ही खुलासा किया जाएगा। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। फिलहाल पुलिस संदिग्धों से पूछताछ कर रही है।
Leave A Reviews