Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

कटनी में पुरानी रंजिश पर युवक का अपहरण कर हत्या, पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी

कटनी। रीठी थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह पुरानी रंजिश के चलते 30 वर्षीय युवक उन्हत्तर पारधी की अपहरण के बाद धारदार हथियारों से हत्या कर दी गई। मृतक का शव बूढ़ा-ललितपुर की पहाड़ी के पास एक खेत में बरामद हुआ। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की खोज शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम उन्हत्तर पारधी अपनी पत्नी डिजायन पारधी के साथ पटेहरा से ऑटो से लौट रहे थे। इमलिया मोड़ के पास चार युवकों ने ऑटो रोका और उन्हत्तर को खींचकर बाहर ले गए। उसके बाद उन्होंने उसे मारपीट कर जबरन बाइक पर बैठाकर जंगल की ओर ले जाया और हत्या कर दी।

पत्नी डिजायन पारधी किसी तरह बिरूहली डेरे पहुंचकर अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही रीठी थाना प्रभारी मो. शाहिद और कुठला थाना प्रभारी राजेन्द्र मिश्रा भारी पुलिस बल के साथ सक्रिय हो गए। पुलिस टीमों ने बूढ़ा, ललितपुर और सुगवां के जंगलों में रातभर तलाशी अभियान चलाया।

गुरुवार सुबह करीब 10 बजे युवक का शव पहाड़ी के किनारे एक खेत में मिला। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम और खोजी श्वान दल ने साक्ष्य जुटाए।

पुलिस के अनुसार यह हत्या साल 2022 के कत्ल का बदला लेने के लिए की गई। उस समय कुठला थाना क्षेत्र के पटेहरा गांव में पारधियों के बीच विवाद हुआ था और मृतक उन्हत्तर पारधी के परिवार के चार लोग आरोपी थे।

रीठी पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा और बाद में परिजनों को सौंप दिया। थाना प्रभारी मो. शाहिद ने बताया कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें जंगलों और संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। उन्होंने कहा कि देर रात अपहरण की सूचना मिलते ही सर्चिंग शुरू कर दी गई थी और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Share:

Leave A Reviews

Related News