
इंदौर जिले की सांवेर तहसील में टशन चौराहे के पास बुधवार दोपहर एक जर्जर मकान को गिराने (डिस्मेंटल करने) के दौरान भीषण हादसा हो गया। लगभग 40 साल पुराने मकान को तोड़े जाने के दौरान पड़ोस की एक अन्य जर्जर दीवार अचानक भरभराकर गिर पड़ी। दीवार के मलबे में दबने से वहां मजदूरी कर रहीं चार महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन ने जेसीबी की मदद से राहत और बचाव अभियान चलाकर मलबा साफ कराया।
चार महिला मजदूरों की मौत, पांच घायल
जानकारी के अनुसार, 'नेताजी' के नाम से पहचाने जाने वाले पुराने मकान को गिराने का काम चल रहा था। तभी पास की दीवार ढहने से काम कर रहे मजदूर उसके नीचे दब गए। हादसे में जान गंवाने वाली महिलाओं की पहचान रीना, सीमा बाई, चंदा बाई और सुशीला बाई के रूप में हुई है। शुरुआत में मलबे में बच्चे के दबे होने की आशंका थी, लेकिन बाद में पूछताछ और रेस्क्यू के बाद स्पष्ट हुआ कि कोई बच्चा अंदर नहीं फंसा था।
घायलों में शामिल मंजू बाई, सुंदर बाई, सुनील और दिलीप को गंभीर हालत में इंदौर के एमवाय अस्पताल (MYH) में भर्ती कराया गया है, जबकि संतोषी बाई का उपचार सांवेर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है।
सुरक्षा मानकों और कानूनी अनुमति की जांच जारी
सांवेर एसडीओपी (SDOP) ने बताया कि मकान तोड़ने का काम इंदौर में रहने वाले मकान मालिक के निर्देश पर कराया जा रहा था। पुलिस ने मलबा हटवा दिया है और अब इस बिंदु पर जांच की जा रही है कि डिस्मेंटलिंग के दौरान जरूरी सुरक्षा उपाय और वैधानिक अनुमति ली गई थी या नहीं। प्रत्यक्षदर्शियों और संबंधित पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और लापरवाही पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ दंडात्मक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख का मुआवजा, बच्चों की पढ़ाई होगी मुफ्त
हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय विधायक और कैबिनेट मंत्री तुलसी सिलावट तुरंत एमवाय अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना। इसके बाद वे घटनास्थल का जायजा लेने भी पहुंचे। मंत्री सिलावट ने मुख्यमंत्री की ओर से मृतकों के परिजनों को ₹2-2 लाख की आर्थिक सहायता, घायलों के संपूर्ण निशुल्क उपचार और मृत महिलाओं के बच्चों की पूरी शिक्षा का खर्च शासन स्तर से उठाने की घोषणा की। साथ ही उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को घटना की निष्पक्ष व उच्चस्तरीय जांच करने के कड़े निर्देश दिए हैं।
Leave A Reviews