वाशिंगटन, 10 नवंबर (आईएएनएस)। अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि विदेशों में मौजूद अमेरिकी राजनयिकों और कर्मचारियों को सुरक्षा खतरों से बचाने के लिए कुछ स्थानों से हटाया गया है। उन्होंने ईरान से जुड़े खतरों और क्षेत्र में बड़े संघर्ष की आशंका को लेकर चिंता भी जताई।
![]()
वाशिंगटन, 10 नवंबर (आईएएनएस)। अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि विदेशों में मौजूद अमेरिकी राजनयिकों और कर्मचारियों को सुरक्षा खतरों से बचाने के लिए कुछ स्थानों से हटाया गया है। उन्होंने ईरान से जुड़े खतरों और क्षेत्र में बड़े संघर्ष की आशंका को लेकर चिंता भी जताई।
पेरिस में सोमवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान रुबियो से पूछा गया कि क्या अमेरिकी प्रशासन ने उन खतरों का समाधान कर लिया है, जिनके बारे में पिछले महीने अमेरिकी खुफिया एजेंसियों ने विदेशों में तैनात अमेरिकी राजनयिकों के लिए चेतावनी दी थी।
इस पर रुबियो ने कहा, "हमने लोगों को खतरे वाले क्षेत्रों से हटाकर इस मुद्दे का समाधान किया है।"
उन्होंने कहा कि अमेरिकी कर्मचारियों और उनके परिवारों की सुरक्षा हमेशा सर्वोच्च प्राथमिकता होती है। यदि किसी खतरे का स्तर एक निश्चित सीमा तक पहुंच जाता है, तो सुरक्षा स्थिति, कर्मचारियों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने की क्षमता और संभावित जोखिमों की समीक्षा की जाती है।
रुबियो ने कहा कि चिंता सिर्फ ईरान तक सीमित नहीं है। उन्होंने यमन में हूती समूह और इराक में ईरान समर्थित मिलिशिया गतिविधियों का जिक्र करते हुए चेतावनी दी कि यदि क्षेत्र में तनाव और बढ़ता है, तो हवाई अड्डे बंद हो सकते हैं और अमेरिकी कर्मचारी वहां फंस सकते हैं।
उन्होंने कहा, "हमें सिर्फ यह नहीं देखना होता कि अभी क्या हो रहा है, बल्कि यह भी सोचना होता है कि आगे क्या हो सकता है।"
रुबियो के अनुसार, सुरक्षा अधिकारी पहले अमेरिकी दूतावासों और अन्य ठिकानों की स्थिति, वहां मौजूद कर्मचारियों की संख्या, उनके परिवारों और निकासी के विकल्पों का आकलन करते हैं। इसके बाद वे अपनी सिफारिशें देते हैं और उन्हीं के आधार पर कर्मचारियों को स्थानांतरित करने जैसे फैसले लिए जाते हैं।
विदेश मंत्री ने ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) की भी कड़ी आलोचना की। यह प्रतिक्रिया उस सवाल के जवाब में आई जिसमें फ्रांस के अधिकारियों की ओर से आईआरजीसी पर साइबर हमलों के आरोपों का जिक्र किया गया था।
रुबियो ने बताया कि फ्रांसीसी अधिकारियों ने उन्हें अपनी घोषणा की जानकारी दी थी, लेकिन यह बताने से इनकार कर दिया कि क्या अमेरिका ने फ्रांस के साथ कोई खुफिया सूचना साझा की थी। उन्होंने कहा, "ये लोग आखिर किस तरह के लोग हैं? ये तो रेफ्रिजरेटर तक पर हमला कर देते हैं।"
रुबियो का कहना था कि यह कथित साइबर अभियान उसी तरह की गतिविधियों का हिस्सा लगता है, जिनका आरोप लंबे समय से आईआरजीसी पर लगाया जाता रहा है। उन्होंने कहा, "आईआरजीसी लंबे समय से आतंकवादी गतिविधियों में शामिल रही है। इसके अलावा वह दुनिया के कई हिस्सों में तोड़फोड़ जैसी कार्रवाइयां भी करती रही है।"
हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी आलोचना ईरान की सरकार और उसके नेताओं पर केंद्रित है, न कि वहां की आम जनता पर।
रुबियो ने कहा, "ईरान के लोग बहुत अच्छे लोग हैं।" उन्होंने आम नागरिकों और देश के शासकों के बीच अंतर बताते हुए कहा कि दोनों को एक नजर से नहीं देखा जाना चाहिए। बातचीत के दौरान रुबियो ने अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ का भी बचाव किया। हेगसेथ के खिलाफ ईरान युद्ध को लेकर महाभियोग की मांग की जा रही है। रुबियो ने हेगसेथ के कामकाज की सराहना करते हुए दावा किया कि हाल की अमेरिकी सैन्य कार्रवाइयों से ईरान की सैन्य क्षमता को काफी नुकसान पहुंचा है।
--आईएएनएस
एवाई/डीकेपी
Leave A Reviews