
जबलपुर: पश्चिम मध्य रेल मुख्यालय में नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (कार्यालय क्रमांक-02) की 18वीं छमाही समीक्षा बैठक आयोजित की गई। यह बैठक समिति अध्यक्ष एवं पश्चिम मध्य रेल के महाप्रबंधक श्री दिलीप कुमार सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
बैठक के दौरान वर्ष 2025 में राजभाषा हिंदी के प्रयोग और प्रसार में उत्कृष्ट कार्य करने वाले केंद्रीय कार्यालयों, निगमों एवं उपक्रमों को राजभाषा शील्ड, ट्रॉफी तथा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में महाप्रबंधक श्री दिलीप कुमार सिंह ने कहा कि समिति का मुख्य उद्देश्य सरकारी कामकाज में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देना है।
उत्कृष्टता पुरस्कार: उत्कृष्ट कार्य के लिए 03 कार्यालयों को राजभाषा शील्ड, 03 को राजभाषा ट्रॉफी और 06 सदस्य कार्यालयों को प्रशस्ति पत्र दिए गए।
डिजिटल माध्यमों पर जोर: उन्होंने ई-मेल, पोर्टल और ऑनलाइन प्रणालियों में सरल एवं सहज हिंदी का उपयोग करने का आह्वान किया।
वार्षिक लक्ष्य: गृह मंत्रालय द्वारा जारी वार्षिक कार्यक्रम 2026-27 के निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने पर बल दिया गया।
मुख्य राजभाषा अधिकारी श्री एम.एस. हाशमी ने कहा कि जनसाधारण की भाषा में सरकारी कामकाज होने से विकास की गति तेज होगी तथा प्रशासन में पारदर्शिता बढ़ेगी।
इस अवसर पर उप मुख्य राजभाषा अधिकारी श्री विवेक कुमार गुप्ता सहित विभिन्न केंद्रीय कार्यालयों के प्रमुख, अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
Leave A Reviews