
जबलपुर. मध्य प्रदेश के जबलपुर में बदमाशों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। गोरखपुर थाना क्षेत्र की मंडावा बस्ती स्थित शिवाजी नगर में दिनदहाड़े एक ऑटो चालक पर चाकुओं से हमला कर दिया गया। आंगनबाड़ी केंद्र के सामने हुई इस वारदात में 6 से 7 बदमाशों ने युवक को घेर लिया और उस पर ताबड़तोड़ वार किए। हमले में ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल को उपचार के लिए नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, घायल युवक की पहचान अमीन अंसारी के रूप में हुई है। अमीन के अनुसार, वह घटना के समय अपने ऑटो पर काम करवा रहा था। तभी कट्टू खान और हरिओम अपने 6-7 साथियों के साथ वहां पहुंचे। आरोप है कि बदमाशों ने उसे पीछे की तरफ से घेर लिया और अचानक चाकुओं से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से युवक को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
चाकुओं से हमला किए जाने के बाद अमीन गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। आसपास मौजूद लोगों को घटना की जानकारी मिली तो घायल को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, हमले की असल वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। दिनदहाड़े सार्वजनिक स्थान पर हुई चाकूबाजी की घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।
घायल की शिकायत के आधार पर गोरखपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने नामजद आरोपियों और उनके साथियों की तलाश शुरू कर दी है। घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने के साथ ही हमले के कारणों की भी जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और आपराधिक गतिविधियों पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की है।
Leave A Reviews