Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

बिना नंबर की कार से हो रही थी अवैध अंग्रेजी शराब की तस्करी, दो तस्कर गिरफ्तार

कार से 2.25 लाख की अवैध अंग्रेजी शराब जब्त

जबलपुर. संस्कारधानी के माढ़ोताल थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब के कारोबारियों के खिलाफ एक बड़ी और सफल कार्रवाई को अंजाम दिया है. पुलिस ने मंगलवार की रात मुखबिर की सटीक सूचना पर दबिश देकर बिना नंबर की लग्जरी कार से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब जप्त की है. इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से दो शातिर युवकों को धर दबोचा है, जिनके कब्जे से 251 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की गई है. जब्त की गई शराब और वाहन की कुल कीमत लाखों रुपये आंकी गई है.

मुखबिर की सूचना पर माढ़ोताल पुलिस की दबिश
माढ़ोताल थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह पवार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि मंगलवार की रात पुलिस को मुखबिर के जरिए एक पुख्ता सूचना मिली थी कि ग्राम बसा इलाके में स्थित प्रियांश अग्निहोत्री के घर के सामने सड़क पर एक बिना नंबर की कार में अवैध रूप से भारी मात्रा में शराब छिपाकर रखी गई है. इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी के निर्देशन में पुलिस टीम ने तत्काल बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर दबिश दी.

भागने का प्रयास कर रहे तस्कर पुलिस के हत्थे चढ़े
पुलिस टीम को अपने नजदीक आते देख संदेही प्रियांश अग्निहोत्री और उसका साथी आशुतोष उर्फ चुंगा यादव बिना नंबर की सफेद रंग की कार के पास खड़े होकर भागने की फिराक में थे. हालांकि, पुलिस कर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए दोनों को घेराबंदी कर मौके पर ही दबोच लिया. पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपनी पहचान प्रियांश अग्निहोत्री (निवासी ग्राम बसा) और आशुतोष उर्फ चुंगा यादव (निवासी ग्राम मड़ई, रांझी) के रूप में बताई.

कार की तलाशी में मिले 19 कार्टून और 251 बोतलें
पकड़े गए आरोपियों के पास मौजूद बिना नंबर की सुजुकी फ्रोन्स कार की जब सघन तलाशी ली गई, तो उसमें से 19 कार्टून बरामद हुए. इन कार्टूनों की जांच करने पर कुल 251 बोतल अंग्रेजी शराब पाई गई. इसके अलावा घर के पोर्च में एक बड़ा काला थैला भी रखा हुआ था, जिसमें शराब भरी हुई थी, जिसे आरोपी कार में लोड करने की तैयारी कर रहे थे. पुलिस ने गाड़ी और शराब को तुरंत अपने कब्जे में ले लिया.

अर्जुन केवट से मंगाई गई थी शराब, शिफ्टिंग की थी तैयारी
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने करीब 10 दिन पहले ग्वारीघाट निवासी अर्जुन केवट से बिक्री के लिए 25 पेटी अंग्रेजी शराब मंगाई थी. ड्राइवर आशुतोष उर्फ चुंगा यादव उसी अर्जुन केवट की बिना नंबर की सफेद कार से शराब को प्रियांश के घर लेकर आया था. पुलिस गश्त और लगातार निगरानी के डर से जब वे इस अवैध शराब को किसी सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने की योजना बना रहे थे, तभी माढ़ोताल पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया. पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है और इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है.

Date & Time : 2026-09-16 07:55:47

Share:

Leave A Reviews

Related News