
मुरैना. मध्य प्रदेश के मुरैना जिले से एक बेहद मर्माहत करने वाली सड़क दुर्घटना की खबर सामने आई है. जिले के पोरसा थाना क्षेत्र अंतर्गत भिंड रोड पर बुधवार को एक तेज रफ्तार ईको कार ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. इस भीषण हादसे में बाइक पर सवार दोनों युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. घटना के बाद से मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है और इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है.
जैन मंदिर से पोरसा की ओर लौट रहे थे दोनों युवक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांधी नगर पोरसा निवासी 38 वर्षीय मनीष जैन (पुत्र राजेन्द्र जैन) और भिंड के गोरमी निवासी आनंद जैन (पुत्र प्रकाश चन्द्र जैन) बुधवार को किसी कार्य से बाइक पर सवार होकर गोरमी स्थित सुकाण्ड जैन मंदिर गए थे. मंदिर में दर्शन करने के बाद वे वापस बाइक से पोरसा की तरफ लौट रहे थे.
आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत में गई जान
पोरसा के भिंड रोड स्थित 'ओम पैलेस' के सामने जब उनकी बाइक पहुंची, तो सामने की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार ईको कार (क्रमांक MP 07 AL 0358) के चालक ने बेहद लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों युवक हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरे. इस भीषण हादसे में आनंद जैन और मनीष जैन दोनों की मौके पर ही मौत हो गई.
पुलिस ने कार जब्त कर चालक के खिलाफ दर्ज किया मामला
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया. पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया. वहीं, दुर्घटना को अंजाम देने वाली ईको कार को पुलिस ने जब्त कर लिया है और फरार कार चालक के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस फिलहाल आगे की कानूनी कार्रवाई और चालक की तलाश में जुटी हुई है.
Leave A Reviews