
जबलपुर. मध्य प्रदेश की संस्कारधानी जबलपुर के रांझी इलाके में एक छोटा-सा 'एमपी ऑनलाइन सेंटर' (MP Online Center) चलाने वाले अमित कुमार की जिंदगी में एक ऐसा मुकाम आया है, जिस पर उन्हें और उनके परिवार को खुद यकीन नहीं हो रहा है। आगामी 15 अगस्त (स्वतंत्रता दिवस) के अवसर पर देश के सर्वोच्च पद से उन्हें खास मेहमान के रूप में आमंत्रित किया गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (President Droupadi Murmu) द्वारा राष्ट्रपति भवन में आयोजित होने वाले पारंपरिक 'एट होम' (At Home) समारोह के लिए अमित कुमार को आधिकारिक निमंत्रण प्राप्त हुआ है।
राष्ट्रपति भवन से मिले इस ऐतिहासिक बुलाव से अमित और उनका पूरा परिवार गदगद है। खुशी जाहिर करते हुए अमित ने बताया, "अभी तक तो घर पर सिर्फ रिश्तेदारों या शादियों के कार्ड ही आते थे, लेकिन इस बार सीधे देश के प्रथम नागरिक और राष्ट्रपति भवन से बुलावा आया है। कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि एक आम नागरिक को इतना बड़ा सम्मान मिलेगा। यह मेरे और मेरे पूरे परिवार के लिए किसी फिल्मी सीन से कम नहीं है।"
अमित की इस अभूतपूर्व उपलब्धि के पीछे उनकी 8 साल की नियमित बचत और ईमानदारी है। अमित पिछले 8 वर्षों से केंद्रीय श्रम मंत्रालय की पेंशन योजना 'प्रधानमंत्री श्रम योगी मान-धन योजना' (PMSYM) से जुड़े हुए हैं।
वे अपने कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के जरिए हर महीने अपनी जेब से मात्र 130 रुपये की नियमित किस्त जमा करते आ रहे हैं, जिसमें बराबर की राशि केंद्र सरकार द्वारा मिलाई जाती है। इस योजना के तहत 60 वर्ष की आयु पूरी होने के बाद लाभार्थी को प्रति माह 3,000 रुपये की पक्की पेंशन का प्रावधान है। इसी योजना के तहत उनके बेहतरीन और अनुशासित योगदान का चयन राष्ट्रीय स्तर पर हुआ, जिसके चलते उन्हें 15 अगस्त को दिल्ली में राष्ट्रपति भवन का खास मेहमान बनने का अवसर प्राप्त हुआ है।
Leave A Reviews