जमशेदपुर, 31 मई (आईएएनएस)। झारखंड के जमशेदपुर स्थित उलीडीह ओपी क्षेत्र में रविवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव आदिवासी क्लब के समीप झाड़ियों में पड़ा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
![]()
जमशेदपुर, 31 मई (आईएएनएस)। झारखंड के जमशेदपुर स्थित उलीडीह ओपी क्षेत्र में रविवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव आदिवासी क्लब के समीप झाड़ियों में पड़ा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान शकोंसाई रोड नंबर-2 निवासी 24 वर्षीय विकास सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में युवक के सिर पर धारदार हथियार से वार के निशान पाए गए हैं। इन परिस्थितियों को देखते हुए हत्या की आशंका जताई जा रही है।
हालांकि, पुलिस ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। परिजनों ने बताया कि विकास शनिवार शाम अपने भांजे से मिलने उलीडीह गया था। मुलाकात के बाद वह घर लौटने के लिए निकला, लेकिन देर रात तक वापस नहीं पहुंचा। परिवार के लोगों ने उससे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसका मोबाइल फोन बंद मिला। इसके बाद परिजन अपने स्तर पर उसकी तलाश में जुट गए, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
रविवार सुबह उलीडीह क्षेत्र की एक युवती ने परिजनों को फोन कर झाड़ियों में एक युवक का शव पड़े होने की सूचना दी। सूचना मिलने पर परिवार के सदस्य घटनास्थल पहुंचे और शव की पहचान विकास सिंह के रूप में की। शव की पहचान होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के भाई ने इलाके में सक्रिय नशेड़ियों और असामाजिक तत्वों पर हत्या का संदेह जताया है।
उनका कहना है कि क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियां बढ़ी हैं और संभव है कि विकास किसी आपराधिक वारदात का शिकार हुआ हो। पुलिस ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों और जिम्मेदार लोगों के बारे में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।
--आईएएनएस
एसएनसी/एएस
Leave A Reviews