
झाबुआ जिले अंतर्गत पेटलावद में स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने शनिवार सुबह स्कूल प्रबंधन के खिलाफ गंभीर रुख अपनाते हुए झाबुआ जिला मुख्यालय के लिए पैदल मार्च शुरू कर दिया। सुबह करीब आठ बजे बड़ी संख्या में छात्र और छात्राएं प्रिंसिपल की कथित मनमानी और अव्यवस्थाओं की शिकायत जिला प्रशासन से करने के लिए पैदल ही रवाना हो गए। यात्रा के दौरान कुछ दूरी तय करने के बाद एक छात्रा को अचानक चक्कर आ गए और उसकी तबीयत बिगड़ गई, जिसे तुरंत स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया।
छात्रों के इस आंदोलन में उनके साथ आदिवासी समाज संगठन के प्रतिनिधि प्रेम सिंह भूरिया और धर्मेंद्र डामोर भी शामिल रहे। सूचना मिलते ही पेटलावद एसडीएम रितिका पाटीदार, तहसीलदार यशपाल मुजाल्दे तथा भारी पुलिस बल ने रास्ते में मोर्चा संभालते हुए विद्यार्थियों को रोकने और समझाने का प्रयास किया। प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर ही शिकायत सुनकर निराकरण का भरोसा दिया, लेकिन विद्यार्थी कलेक्टर से सीधे मिलकर ही अपनी बात रखने की मांग पर अड़े रहे।
इधर, पूरे मामले पर विद्यालय के प्रिंसिपल प्रकाश कुमार ठाकुर ने अपने ऊपर लगे आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे एक सुनियोजित साजिश करार दिया है। प्रिंसिपल का दावा है कि उन्होंने हाल ही में स्कूल में राशन और सामग्री से जुड़े गबन के मामलों को पकड़ा था। उन्होंने कहा कि उनके सख्त कदमों के चलते आटे का खपत बिल 300 किलोग्राम से घटकर 100 किलोग्राम पर आ गया, जिससे गड़बड़ी करने वाले तत्वों में नाराजगी थी। वहीं, मौके पर पहुंचे एक पालक ने भी कहा कि विद्यालय की आंतरिक स्थिति वैसी नहीं है जैसा माहौल बनाकर पेश किया जा रहा है।
लोकायुक्त कार्रवाई के बाद बीईओ और बाबू अटैच: लोकायुक्त पुलिस इंदौर द्वारा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 एवं बीएनएस 2023 की धारा 61(2) के तहत 22 अक्टूबर को अपराध पंजीबद्ध किए जाने के बाद प्रभारी कलेक्टर जितेन्द्र सिंह चौहान ने कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) जयनारायण बैरागी और सहायक ग्रेड-3 पवनसिंह बिलवाल को जनजातीय कार्य विभाग में संबद्ध (अटैच) कर दिया गया है।
प्रभारी कलेक्टर ने किया ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण: मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मध्य प्रदेश के निर्देशों के अनुपालन में प्रभारी कलेक्टर जितेन्द्र सिंह चौहान ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में ईवीएम वेयरहाउस के सुरक्षा तालों की जांच की। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिपाल सिंह महोबिया, उप जिला निर्वाचन अधिकारी विजय मंडलोई और नोडल अधिकारी वैशाली सिसोदिया मौजूद रहे।
टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत 'जोश' पहल पर बैठक: स्वास्थ्य मंत्रालय, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा रक्षा मंत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में अक्टूबर 2026 में प्रारंभ की गई 'जोश' (ज्वाइंट स्क्वाड फॉर हेल्थ) पहल के क्रियान्वयन को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर वर्चुअल बैठक आयोजित हुई। एनएचएम के मिशन निदेशक की अध्यक्षता में संपन्न इस समीक्षा में झाबुआ से जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जितिन भार्गव सम्मिलित हुए।
Leave A Reviews