Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

झारखंड विधानसभा ने ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग और एसआईआर की मौजूदा प्रक्रिया के विरुद्ध राजकीय संकल्प पारित किया


रांची, 25 नवंबर (आईएएनएस)। झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र के पहले दिन बुधवार को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की मौजूदा प्रक्रिया के विरुद्ध राज्य सरकार की ओर से पेश राजकीय संकल्प पारित कर दिया गया। पारित संकल्प में एसआईआर की प्रक्रिया को सरल बनाने, इसकी समय-सीमा बढ़ाने और यह सुनिश्चित करने की मांग की गई है कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से नहीं छूटे।

रांची, 25 नवंबर (आईएएनएस)। झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र के पहले दिन बुधवार को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की मौजूदा प्रक्रिया के विरुद्ध राज्य सरकार की ओर से पेश राजकीय संकल्प पारित कर दिया गया। पारित संकल्प में एसआईआर की प्रक्रिया को सरल बनाने, इसकी समय-सीमा बढ़ाने और यह सुनिश्चित करने की मांग की गई है कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से नहीं छूटे।

इसके साथ ही सदन ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तत्काल पद से हटाने की मांग का प्रस्ताव भी पारित किया। इस संकल्प को भारत निर्वाचन आयोग सहित संबंधित सक्षम प्राधिकारों को भेजने की मंजूरी दी गई है। चर्चा के दौरान एसआईआर की प्रक्रिया, दस्तावेजों की अनिवार्यता और मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के आरोपों को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक हुई।

संसदीय कार्यमंत्री राधाकृष्ण किशोर ने सरकार की ओर से संकल्प पेश करते हुए कहा कि राज्य सरकार सैद्धांतिक रूप से एसआईआर के विरोध में नहीं है, लेकिन मौजूदा प्रक्रिया अत्यंत जटिल है और इसमें कई खामियां हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड की सामाजिक, आर्थिक और भौगोलिक परिस्थितियां दिल्ली से बिल्कुल अलग हैं। यहां के आदिवासी और पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के पास कई बार बुनियादी दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं होते, ऐसे में उनसे जन्म प्रमाण पत्र जैसे दस्तावेज मांगना व्यावहारिक नहीं है।

मंत्री ने कहा, “ये दिल्ली नहीं, झारखंड है। यहां जिन लोगों के पास बुनियादी दस्तावेज तक नहीं हैं, उनसे जन्म प्रमाण पत्र मांगा जा रहा है।”

राधाकृष्ण किशोर ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को चुनौती दी कि वे झारखंड के चारों कोनों के चार गांवों में उनके साथ चलकर वहां की वास्तविक स्थिति देखें। मंत्री ने कहा कि यदि उनके बताए गांवों में किसी व्यक्ति का जन्म प्रमाण पत्र मिल जाए तो वे अपने पद से इस्तीफा दे देंगे, अन्यथा मुख्य निर्वाचन आयुक्त को इस्तीफा देना चाहिए। सदन में मतदाता सूची के आंकड़ों का हवाला देते हुए मंत्री ने दावा किया कि राज्य के करीब 2.64 करोड़ मतदाताओं में से 2.21 करोड़ मतदाताओं के नाम ही सूची में शामिल हुए हैं, जबकि लगभग 43 लाख नाम छूट गए हैं।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि 2004 से 2026 के बीच करीब 40 लाख युवाओं के नाम मतदाता सूची में नहीं जोड़े गए और 14.50 लाख आदिवासी, आदिम जनजाति एवं पिछड़े वर्ग के मतदाताओं के नाम हटा दिए गए हैं। हालांकि, सदन में रखे गए इन आंकड़ों और आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

दूसरी ओर, भाजपा विधायक नवीन जायसवाल ने सरकार के संकल्प पर पलटवार करते हुए कहा कि विशेष सत्र को दिल्ली के रामलीला मैदान में चल रहे कांग्रेस के राजनीतिक अभियान का 'पार्ट-2' बना दिया गया है। उन्होंने कहा कि झारखंड में एसआईआर का कार्य मुख्य निर्वाचन आयुक्त नहीं, बल्कि राज्य के निर्वाचन पदाधिकारी और संबंधित अधिकारी कर रहे हैं।

कांग्रेस के 'वोट चोरी' के आरोपों को चुनाव में हार की हताशा बताते हुए जायसवाल ने दावा किया कि 2029 में भी नरेंद्र मोदी ही प्रधानमंत्री बनेंगे। उन्होंने संथाल परगना में करीब 57 हजार मतदाताओं की संख्या पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि बांग्लादेशी घुसपैठियों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने की कोशिश हो रही है।

कांग्रेस विधायक राजेश कच्छप ने एसआईआर को एक संवैधानिक प्रक्रिया बताया और आरोप लगाया कि भाजपा इसका राजनीतिक दुरुपयोग कर गरीबों को परेशान करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने निर्वाचन आयोग से आग्रह किया कि पुनरीक्षण के दौरान किसी भी योग्य मतदाता का नाम सूची से नहीं काटा जाए। बहस के दौरान कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के बीच भी तीखी झड़प हुई।

प्रदीप यादव ने एसआईआर को भाजपा की साजिश का हिस्सा बताते हुए आरोप लगाया कि नेता प्रतिपक्ष सदन में जनता के बजाय निर्वाचन आयोग का पक्ष रख रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक गलत मतदाता की पहचान के नाम पर पूरे देश के मतदाताओं को परेशान करना और उनके मताधिकार में कटौती करना उचित नहीं है।

इस दौरान प्रदीप यादव द्वारा मुख्यमंत्री की जगह बाबूलाल मरांडी का नाम लेकर संबोधित किए जाने पर नेता प्रतिपक्ष ने कड़ी आपत्ति जताई, जिससे दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई। सदन में चर्चा के उपरांत राजकीय संकल्प पारित कर दिया गया और विधानसभा की कार्यवाही गुरुवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।

--आईएएनएस

एसएनसी/डीकेपी

Date & Time : 2026-11-25 18:40:02

Share:

Leave A Reviews

Related News