
धार. मध्य प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री तथा धार जिले के प्रभारी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने शनिवार को अमझेरा प्रवास के दौरान मीडिया से चर्चा करते हुए देश के वर्तमान राजनीतिक घटनाक्रमों और विपक्ष पर जमकर हमला बोला। 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत अमझेरा पहुंचे विजयवर्गीय ने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, सीजेपी (CJP) के आंदोलन और विपक्ष की राजनीति पर खुलकर अपनी बात रखी।
सीजेपी के आंदोलन से जुड़े सवालों का जवाब देते हुए प्रभारी मंत्री विजयवर्गीय ने स्पष्ट कहा कि भारत 140 करोड़ की विशाल आबादी वाला एक मजबूत देश है। उन्होंने कहा, "भारत कोई छोटा-सा बांग्लादेश या नेपाल नहीं है, जो किसी छोटे-मोटे आंदोलन से प्रभावित हो जाए।"
उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि जिस तरह देश के किसी एक हिस्से में अत्यधिक वर्षा होने से बाढ़ आती है, लेकिन उससे पूरे देश पर कोई असर नहीं पड़ता, ठीक वैसे ही छोटे-मोटे आंदोलनों से देश की व्यवस्था या विकास की रफ्तार पर कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है।
कैलाश विजयवर्गीय ने विपक्ष पर भी तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि बंगाल चुनाव के बाद जो लोग पूरी तरह निराश हो चुके थे, उन्हें सीजेपी के आंदोलन के पीछे खड़े होकर कुछ समय के लिए ऑक्सीजन मिल गई थी। हालांकि, केंद्र की मोदी सरकार द्वारा बीते तीन दिनों में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों ने विपक्ष के तमाम मंसूबों पर पूरी तरह पानी फेर दिया है।
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर प्रतिक्रिया देते हुए विजयवर्गीय ने बताया कि वह काफी पहले से अपना पद छोड़ने के लिए तैयार थे, लेकिन पार्टी ने उन्हें रोक रखा था। परिस्थितियों को देखते हुए पार्टी ने सही समय पर उचित निर्णय लिया।
राजनीतिक चर्चा के अलावा, प्रभारी मंत्री ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अमझेरा के स्थानीय शर्मा परिवार द्वारा अपनी माता जी की स्मृति में 5,000 पौधे लगाने की पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रयास समाज के लिए प्रेरणादायक हैं। व्यापक स्तर पर पौधारोपण होने से न केवल पर्यावरण सुरक्षित रहेगा, बल्कि बढ़ते तापमान में कमी आएगी और भूजल स्तर में सुधार होगा।
Leave A Reviews