बेलगावी (कर्नाटक), 8 अगस्त (आईएएनएस)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शिवम एसोसिएट्स के मालिक शिवानंद नीलन्नावर से जुड़े कथित करोड़ों रुपए के वित्तीय घोटाले के मामले में शनिवार को लगातार दूसरे दिन भी तलाशी अभियान जारी रखा।
![]()
बेलगावी (कर्नाटक), 8 अगस्त (आईएएनएस)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शिवम एसोसिएट्स के मालिक शिवानंद नीलन्नावर से जुड़े कथित करोड़ों रुपए के वित्तीय घोटाले के मामले में शनिवार को लगातार दूसरे दिन भी तलाशी अभियान जारी रखा।
ईडी अधिकारी उत्तर कर्नाटक के बेलगावी शहर के शिवबसवनगर स्थित एमएस टावर परिसर में जांच करते रहे। यह छापेमारी सीआरपीएफ की सुरक्षा के बीच की जा रही है। इस अभियान में गोवा और मंगलुरु की ईडी टीमें भी शामिल हैं।
शुक्रवार से शुरू हुई दस्तावेजों की जांच और सत्यापन की प्रक्रिया शनिवार को भी जारी रही। अधिकारी तलाशी के दौरान बरामद दस्तावेजों और अन्य सामग्रियों की बारीकी से जांच कर रहे हैं।
ईडी ने इस मामले में कथित अवैध धन हस्तांतरण को लेकर एफआईआर दर्ज की है। मामला दर्ज होने के बाद एजेंसी ने नीलन्नावर से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी शुरू की।
जब ईडी की टीम तलाशी के लिए नीलन्नावर के घर पहुंची, तब वह वहां मौजूद नहीं थे। इसके बाद उनकी पत्नी और भाई को बुलाया गया तथा अधिकारियों ने संपत्ति और दस्तावेजों का विस्तृत निरीक्षण किया।
इससे पहले भी ईडी ने बेलगावी जिले में कथित धोखाधड़ी के मामले में एक साथ तीन जगहों पर तलाशी ली थी। इनमें शिवबसवनगर स्थित एमएस टावर अपार्टमेंट, बडाकुंद्री गांव में नीलन्नावर का आवास और चिक्कोडी में उनके कारोबारी साझेदार सुभाष नंदरागी का घर शामिल था।
शिवम एसोसिएट्स से जुड़ा यह मामला पूरे कर्नाटक में चर्चा का विषय बना हुआ है। कंपनी पर 40 हजार से अधिक निवेशकों से धन जुटाने का आरोप है।
15 मई को जिला प्रशासन और पुलिस ने कंपनी पर छापा मारा था। आरोप था कि कंपनी अवैध रूप से जमा राशि जुटा रही थी और निवेशकों को अधिक मुनाफे का लालच देकर निवेश कराने का काम कर रही थी। इसके बाद मामला दर्ज किया गया और नीलन्नावर को गिरफ्तार कर लिया गया था।
सीआईडी जांच के अनुसार, कंपनी ने कथित तौर पर 40,700 से अधिक लोगों से करीब 2,400 करोड़ रुपए जुटाए थे। इनमें से लगभग 540 करोड़ रुपए शेयर बाजार में निवेश किए गए, जिससे करीब 170 करोड़ रुपए का नुकसान होने का अनुमान है।
बाद में इस मामले की जांच सीआईडी को सौंप दी गई। मामले में गिरफ्तार किए गए नीलन्नावर फिलहाल जमानत पर बाहर हैं।
अब ईडी कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच कर रही है और निवेशकों से जुटाए गए धन के स्रोत, मनी ट्रेल और उससे जुड़े लेन-देन पर विशेष ध्यान केंद्रित कर रही है।
--आईएएनएस
एएमटी/डीकेपी
Leave A Reviews