Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

कटनी: अवैध खनन का विरोध करने पर 3 आदिवासी परिवारों पर खूनी हमला, गर्भवती महिला से मारपीट, भाजयुमो नेता सहित 4 पर FIR

कटनी। मध्यप्रदेश के कटनी जिले स्थित कन्हवारा कुठला क्षेत्र में अवैध खनन माफियाओं के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्होंने शिकायत का विरोध करने पर देर रात तीन आदिवासी परिवारों पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में एक गर्भवती महिला सहित कई लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के ग्रामीण मंडल अध्यक्ष सहित चार नामजद और अन्य साथियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

रात 2 बजे गाड़ियों से पहुंचे हमलावर

पीड़ित सुखदेव कोल ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि रविवार-सोमवार की दरम्यानी रात करीब 2 बजे आरोपी दीपक परिहार, अभिषेक पटेल और लखन साहू अपने 7-8 साथियों के साथ लग्जरी गाड़ियों में भरकर गांव पहुंचे। हमलावरों ने सुखदेव और गोरेलाल कोल के घरों में घुसकर सो रहे पुरुषों और महिलाओं के साथ बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी।

गर्भवती महिला से मारपीट और अपहरण का आरोप

हमले के दौरान एक गर्भवती महिला के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की गई, जिससे उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पीड़ित गोरेलाल कोल ने आरोप लगाया कि हमलावर उसे जबरन उठाकर अवैध उत्खनन स्थल पर ले गए। वहां उसे फिर से पीटा गया और चेतावनी दी गई कि यदि अवैध खनन की शिकायत वापस नहीं ली, तो उसे जान से मार दिया जाएगा।

शिकायत लीक होने पर माफिया ने दी दबिश

ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने हाल ही में मुरुम और बॉक्साइट के अवैध खनन की शिकायत वन विभाग से की थी। उनका आरोप है कि विभाग से शिकायत की जानकारी माफियाओं तक लीक हो गई, जिसके बाद इस खूनी हमले को अंजाम दिया गया।

भाजयुमो नेता सहित अन्य पर FIR दर्ज

कुठला थाना पुलिस ने पीड़ितों की मेडिकल रिपोर्ट और बयानों के आधार पर:

  • आरोपी दीपक परिहार

  • अभिषेक पटेल

  • लखन साहू (भाजयुमो ग्रामीण मंडल अध्यक्ष)

  • एवं अन्य 7-8 साथियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं और SC-ST (अत्याचार निवारण अधिनियम) के तहत केस दर्ज किया है। फिलहाल सभी आरोपी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। घटना के बाद से गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और ग्रामीणों ने सुरक्षा की मांग की है।

Share:

Leave A Reviews

Related News