
कटनी जिले में बुधवार को एक भीषण सड़क हादसा सामने आया, जिसमें सात छात्राएं और एक ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना माधव नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत कटनी-जबलपुर मार्ग पर बिलहरी मोड़ के पास हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक तेज रफ्तार कार ने आगे चल रहे ऑटो को पीछे से इतनी जोरदार टक्कर मारी कि ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क पर ही पलट गया। टक्कर के बाद कार चालक वाहन लेकर मौके से तेजी से फरार हो गया।
परीक्षा देने जा रही थीं छात्राएं जानकारी के मुताबिक, झुकेही क्षेत्र की रहने वाली बीए प्रथम वर्ष की सात छात्राएं ऑटो में सवार होकर शासकीय कन्या महाविद्यालय (गर्ल्स कॉलेज) जा रही थीं। छात्राओं की आज प्रैक्टिकल परीक्षा थी, जिसके लिए वे समय पर कॉलेज पहुँचना चाहती थीं। इसी दौरान बिलहरी मोड़ के पास पीछे से आ रही एक अनियंत्रित कार काल बनकर आई और उनके ऑटो को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद छात्राओं की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े।
घायलों की स्थिति और बचाव कार्य हादसे के तुरंत बाद राहगीरों ने सक्रियता दिखाते हुए ऑटो में फंसी लहूलुहान छात्राओं को बाहर निकाला और तत्काल पुलिस व एम्बुलेंस को सूचित किया। सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुँचाया गया है। घायल छात्राओं की पहचान कुमकुम रजक, अजनी लोधी, माया गैलरी, खुशी विश्वकर्मा, सीमा यादव, ललिता सेन और मुस्कान के रूप में हुई है। डॉक्टरों के अनुसार, छात्राओं और ऑटो चालक को सिर, हाथ और पैरों में काफी चोटें आई हैं, हालांकि सभी की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
अज्ञात कार चालक पर मामला दर्ज घटना के बाद माधव नगर थाना पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है। पुलिस टीम घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार वाहन और चालक की पहचान की जा सके। पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए हैं। इस हादसे के बाद कटनी-जबलपुर मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने बाद में सुचारू करवाया।
Leave A Reviews