Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

सतना: NEET परीक्षा रद्द होने पर भड़का NSUI का आक्रोश, पुलिस को चकमा देकर फूंका शिक्षा मंत्री का पुतला, लगाए गंभीर आरोप


सतना। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा NEET (UG) 2026 परीक्षा रद्द किए जाने के फैसले के बाद देशभर में मचे बवाल की आंच सतना तक पहुँच गई है। बुधवार को कांग्रेस की छात्र इकाई एनएसयूआई (NSUI) के कार्यकर्ताओं ने सतना के सर्किट हाउस चौराहे पर केंद्र सरकार और शिक्षा मंत्रालय के खिलाफ उग्र प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने परीक्षा में हुई अनियमितताओं और पेपर लीक की घटनाओं को लेकर अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया।

पुलिस की घेराबंदी के बीच पुतला दहन प्रदर्शन का नेतृत्व एनएसयूआई के जिला महासचिव राहुल सोनी ने किया। सुरक्षा के मद्देनजर सीएसपी देवेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात था ताकि पुतला दहन जैसी गतिविधियों को रोका जा सके। हालांकि, प्रदर्शन के दौरान अफरा-तफरी का लाभ उठाते हुए राहुल सोनी पुलिस की नजर बचाकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला जलाने में सफल रहे। इसके तुरंत बाद पुलिस ने घेराबंदी कर जलते हुए पुतले को कार्यकर्ताओं से छीन लिया, जिससे मौके पर काफी देर तक गहमागहमी बनी रही।

शिक्षा माफिया और पेपर लीक पर तीखा हमला एनएसयूआई नेताओं ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान में शिक्षा माफिया पूरी तरह सक्रिय है और सरकार उन्हें रोकने में विफल साबित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि देशभर के 22.79 लाख छात्रों ने 3 मई को कड़ी मेहनत के साथ यह परीक्षा दी थी, लेकिन पेपर लीक होने से उनकी सालों की मेहनत पर पानी फिर गया है। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि परीक्षाओं में पारदर्शिता नहीं लाई गई और दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

क्या है पूरा मामला? उल्लेखनीय है कि 3 मई को आयोजित हुई NEET परीक्षा में व्यापक पैमाने पर गड़बड़ी के आरोप लगे हैं। जांच में सामने आया है कि 'क्वेश्चन बैंक' के जरिए फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी के 300 से अधिक हाथ से लिखे प्रश्न लीक किए गए थे। इन सभी प्रश्नों की लिखावट एक समान पाई गई है, जिसकी जांच अब केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) कर रही है। मंगलवार को इन्हीं अनियमितताओं के चलते परीक्षा रद्द कर दी गई थी। अब एनटीए अगले 6 से 8 दिनों के भीतर पुन: परीक्षा (Re-exam) की नई तारीखों का ऐलान कर सकती है।

Share:

Leave A Reviews

Related News