Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

भोपाल में मां ने दो बच्चों के साथ खाया जहर, हमीदिया अस्पताल में तीनों की मौत


भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के ग्रामीण इलाके में एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। ईंटखेड़ी थाना क्षेत्र के अरवलिया गांव में पारिवारिक विवाद के बाद 37 वर्षीय महिला और उसके दो बच्चों की जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। शनिवार रात हमीदिया अस्पताल में उपचार के दौरान तीनों ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मृतकों की पहचान रुकसाना (37), उनकी बेटी रुकईया (12) और बेटे फैजल (8) के रूप में हुई है। रुकसाना के पति फईम खान गांव में पंचर बनाने की दुकान चलाते हैं। परिवार लोटस गार्डन के पीछे रहता था।

देवरानी से विवाद के बाद पति से हुई थी कहासुनी

पुलिस के मुताबिक, शनिवार सुबह रुकसाना अपने बच्चों को स्कूल भेजने के बाद घर के पास रहने वाले देवर के परिवार से कुछ सामान मांगने गई थीं। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनकी देवरानी से कहासुनी हो गई।

इसके बाद रुकसाना घर लौट आईं। बताया गया है कि इसी विवाद को लेकर उनकी अपने पति फईम खान से भी बहस हुई। कुछ देर बाद फईम अपनी दुकान पर चले गए। पुलिस शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद को घटना की संभावित वजह मानकर जांच कर रही है।

स्कूल से बच्चों को लेकर घर लौटी थीं महिला

पुलिस की प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पति के दुकान जाने के बाद रुकसाना बच्चों के स्कूल पहुंचीं और छुट्टी से पहले ही उन्हें घर ले आईं। घर पहुंचने के बाद उन्होंने दरवाजे अंदर से बंद कर लिए।

आरोप है कि इसके बाद उन्होंने खाने में जहरीला पदार्थ मिलाकर खुद खाया और दोनों बच्चों को भी खिला दिया। कुछ समय बाद तीनों की तबीयत बिगड़ने लगी। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास रहने वाले लोगों को अनहोनी की आशंका हुई।

बच्चों की आवाज सुनकर पड़ोसियों ने तोड़ा दरवाजा

घर के अंदर से बच्चों के जोर-जोर से चिल्लाने की आवाज आने पर पड़ोसी तुरंत मदद के लिए पहुंचे। दरवाजे अंदर से बंद होने के कारण वे घर में प्रवेश नहीं कर पा रहे थे। इसके बाद लोगों ने फईम खान को उनकी दुकान से बुलाया और दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुए।

घर के अंदर रुकसाना और दोनों बच्चे बेसुध हालत में मिले। परिजन और पड़ोसी तत्काल तीनों को हमीदिया अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने उनका उपचार शुरू किया, लेकिन शनिवार रात इलाज के दौरान तीनों की मौत हो गई।

पुलिस दर्ज कर रही परिजनों के बयान

भोपाल देहात के पुलिस अधीक्षक पंकज पांडेय के मुताबिक, शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है। पुलिस मृतका के मायके पक्ष और अन्य परिजनों के बयान दर्ज कर रही है। सभी पहलुओं की जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

रविवार को तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जाना है। पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों और परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Date & Time : 2026-11-22 07:35:51

Share:

Leave A Reviews

Related News