Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

जबलपुर के पचमठा मंदिर में चोरी, सीसीटीवी तोड़कर दानपेटी और जेवरात ले उड़े चोर


जबलपुर. शहर के ऐतिहासिक और प्रसिद्ध लक्ष्मी नारायण (पचमठा) मंदिर में देर रात चोरी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मुंह ढके दो अज्ञात चोरों ने मंदिर की दानपेटी में रखी नकदी और अलमारी से जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। शातिर चोरों ने मंदिर में प्रवेश करते ही सबसे पहले वहां लगे सीसीटीवी कैमरों को तोड़ दिया ताकि उनकी पहचान न हो सके। इसके बाद उन्होंने दानपेटी और अलमारी को निशाना बनाया।

मंदिर के पुजारी के अनुसार, वे शुक्रवार रात लगभग 9 बजे मंदिर के मुख्य दरवाजे पर ताला लगाकर घर गए थे। शनिवार सुबह जब वे मंदिर पहुंचे तो मुख्य द्वार का ताला टूटा मिला। अंदर का नजारा देखकर वे स्तब्ध रह गए—दानपेटी गायब थी और भगवान का आसन भी अस्त-व्यस्त पड़ा हुआ था। उन्होंने तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी।

चोरी की खबर मिलते ही आधारताल थाना पुलिस, सीएसपी राजेश्वरी कौरव और टीआई विपिन ताम्रकार टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटना की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्रीय विधायक अशोक रोहाणी भी मंदिर परिसर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने जब जांच शुरू की तो अधिकांश कैमरे क्षतिग्रस्त मिले, लेकिन चोरों की नजर से बच निकले एक कैमरे की फुटेज में दो संदिग्ध जाते हुए दिखाई दिए हैं।

पुलिस ने डॉग स्क्वॉड और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स की मदद से घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए हैं। सीएसपी ने बताया कि चोरों की धरपकड़ के लिए तीन विशेष टीमों का गठन किया गया है, जो फुटेज और हुलिए के आधार पर आसपास के इलाकों में दबिश दे रही हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Date & Time : 2026-09-05 08:02:22

Share:

Leave A Reviews

Related News