Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

जबलपुर में आवारा मवेशी का आतंक: बैल के हमले से दूध विक्रेता की दर्दनाक मौत


जबलपुर. संस्कारधानी जबलपुर में खुलेआम सड़कों पर घूमने वाले आवारा और आक्रामक मवेशियों पर प्रशासन की कोई लगाम नहीं बची है, जिसके चलते आए दिन गंभीर हादसे हो रहे हैं। ताजा मामला हनुमानताल थाना क्षेत्र का है, जहां खेरमाई मंदिर के सामने एक आवारा बैल ने अंधाधुंध हमला कर एक व्यक्ति को तीन बार हवा में उठाकर जमीन पर पटका। इस भयानक हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

तीन बार उठाकर पटका, मची अफरातफरी

हनुमानताल थाना प्रभारी सुभाषचंद्र बघेल से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना मंगलवार सुबह करीब 8 बजे खेरमाई मंदिर के गेट नंबर एक के सामने घटी। टेमरभीटा निवासी रवि यादव (दूध विक्रेता) रोज की तरह अपने काम से लौट रहे थे। इसी दौरान सड़क पर घूम रहे एक उग्र बैल ने अचानक उन पर हमला कर दिया। बैल की आक्रामकता इतनी अधिक थी कि उसने रवि यादव को एक बार नहीं, बल्कि लगातार तीन बार सींगों पर उठाकर सड़क पर पटक दिया। इस अचानक हुए हमले से मौके पर अफरातफरी मच गई और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।

निजी अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम

घटना के तुरंत बाद स्थानीय और क्षेत्रीय लोगों ने साहस दिखाते हुए गंभीर रूप से घायल रवि को फौरन इलाज के लिए एक नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया। सिर और अंदरूनी हिस्सों में गंभीर चोटें आने के कारण डॉक्टरों ने उनकी स्थिति नाजुक बताई। कुछ देर चले इलाज के दौरान रवि ने दम तोड़ दिया।

मृतक के भतीजे आमिर यादव ने पुलिस को बताया कि उनके मौसा दूध का व्यवसाय करते थे और सुबह दूध बेचने के बाद घर लौटते वक्त इस दर्दनाक हादसे का शिकार हो गए। पुलिस ने मर्ग कायम कर कानूनी औपचारिकताएं पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। इस दुखद घटना के बाद से स्थानीय नागरिकों में आवारा मवेशियों के आतंक को लेकर प्रशासन और नगर निगम के खिलाफ भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

Date & Time : 2026-09-08 08:30:19

Share:

Leave A Reviews

Related News