
चिचोली. सर्व यादव समाज द्वारा श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का जिला स्तरीय भव्य आयोजन 4 सितंबर को चिचोली में किया जाएगा. आयोजन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार के लिए बुधवार को यादव समाज के युवाओं ने नगर में बाइक रैली निकालकर लोगों को जन्माष्टमी समारोह में शामिल होने का आवहान किया.
बाइक रैली नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए बैतूल रोड, जयस्तंभ चौक, बाजार चौक, हरदा रोड सहित विभिन्न मार्गों से निकली. रैली में बड़ी संख्या में यादव समाज के युवा शामिल हुए.
सर्व यादव समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि 4 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर नगर में बैंड-बाजे और डीजे के साथ भगवान राधा-कृष्ण की आकर्षक झांकियों सहित भव्य चल समारोह निकाला जाएगा. चल समारोह में जिलेभर से हजारों की संख्या में सर्व यादव समाज के लोगों के शामिल होने की संभावना है.
शोभा यात्रा की शुरुआत हरदा रोड स्थित खाक चौक मंडई से होगी. इसके बाद शोभायात्रा बाजार चौक, सराफा बाजार, बस स्टैंड मुख्य मार्ग, जयस्तंभ चौक होते हुए तपश्री खेल मैदान पहुंचेगी. यहां अतिथियों का सत्कार उद्बोधन एवं भगवान श्री कृष्ण की आरती सहित विभिन्न आयोजन होंगे शोभायात्रा में मथुरा-वृंदावन से आए कलाकारों द्वारा विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी.
चल समारोह में भगवान श्रीकृष्ण, राधारानी सहित विभिन्न धार्मिक एवं आकर्षक झांकियां श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी. यादव समाज द्वारा जिला स्तरीय आयोजन को भव्य और ऐतिहासिक बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं.
Leave A Reviews