
महाराष्ट्र के जालना जिले में बुधवार को समृद्धि एक्सप्रेस-वे पर दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें 11 महिलाओं को एक तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। हादसे में 8 महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना कडवांची गांव के पास हुई, जब महिलाओं का एक समूह एक्सप्रेसवे पर सफाई का काम पूरा करके घर लौट रहा था। जैसे ही उनका टेम्पो चलने वाला था, मुंबई की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। टेम्पो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और महिलाओं के शव सड़क पर बिखर गए।
मृतकों की पहचान अलकाबाई अदमाने (45), लक्ष्मीबाई मदन (35), मीना अदमाने (45), कंचन अदमाने (50), ताराबाई चौधरी (60), कडुबाई मदन (55) और सुमन अदमाने (70) के रूप में की गई है। आठवीं मृतक की पहचान अभी नहीं हो पाई है।
पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। जालना जिला प्रशासन और पुलिस मौके पर राहत एवं बचाव कार्यों में जुटी हुई है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने हादसे में घायल महिलाओं के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना भी की।
समृद्धि एक्सप्रेस-वे पर पहले भी कई बड़े हादसे हो चुके हैं। एक्सप्रेस-वे पर स्पीड ब्रेकर की कमी और सीधी सड़क के कारण तेज गति वाली गाड़ियों से हादसों का खतरा अधिक रहता है।
स्थानीय प्रशासन ने नागरिकों से आग्रह किया है कि एक्सप्रेस-वे पर सतर्क रहें और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें।
Leave A Reviews