
छिंदवाड़ा के व्यस्त बुधवारी बाजार क्षेत्र में गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात भीषण आगजनी से अफरा-तफरी मच गई। बाजार स्थित ‘भारत रुई भंडार’ में देर रात करीब 12:30 बजे आग भड़क उठी। दुकान में रखी रुई और अन्य ज्वलनशील सामान ने देखते ही देखते आग पकड़ ली और लाखों रुपए का माल जलकर खाक हो गया।
घनी आबादी और संकरी गलियों के कारण आग ने आसपास के मकानों को भी खतरे में डाल दिया। धुआं और आग की लपटें देर रात तक उठती रहीं, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना रहा।
सूचना मिलते ही नगर निगम की तीन फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंचीं, लेकिन आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चौरई, बिछुआ समेत अन्य स्थानों से अतिरिक्त फायर ब्रिगेड बुलाई गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लगातार पानी की बौछार के बावजूद आग सुबह करीब 5 बजे तक धधकती रही।
घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम सुधीर जैन, सीएसपी अजय राणा, एसडीओपी भारती जाट और कोतवाली निरीक्षक आशीष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने क्षेत्र की घेराबंदी कर भीड़ को दूर रखा।
स्थानीय लोगों ने शुरुआती दौर में बाल्टियों और पाइप से पानी डालकर आग को फैलने से रोकने में मदद की। हालांकि, घटना के बाद नागरिकों ने शहर की फायर सुरक्षा व्यवस्था और त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली पर सवाल उठाए।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन ने जांच के निर्देश दिए हैं और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
Leave A Reviews