मुंबई, 3 सितंबर (आईएएनएस)। दक्षिण मुंबई के सिंदूर ब्रिज से कुछ ही मीटर की दूरी पर स्थित एक जंक्शन पर साइकिल सवार के साथ हुई घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद मुंबई पुलिस ने ट्रैफिक कांस्टेबल के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू कर दी है।
![]()
मुंबई, 3 सितंबर (आईएएनएस)। दक्षिण मुंबई के सिंदूर ब्रिज से कुछ ही मीटर की दूरी पर स्थित एक जंक्शन पर साइकिल सवार के साथ हुई घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद मुंबई पुलिस ने ट्रैफिक कांस्टेबल के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू कर दी है।
मुंबई पुलिस ने इस पूरे मामले पर जानकारी देते हुए बताया कि जिस जंक्शन पर यह घटना हुई, वहां पीक आवर के दौरान भारी ट्रैफिक की वजह से रास्ता बंद कर दिया जाता है। सुरक्षा और ट्रैफिक मैनेजमेंट के लिहाज से बैरिकेड लगाए जाने के बाद इस रास्ते से किसी भी वाहन को लेफ्ट, राइट या यूटर्न लेने की अनुमति नहीं होती है।
पुलिस के मुताबिक, घटना के समय इसी रूट पर एक वीआईपी वाहन पहुंचा था। वीआईपी वाहन को रास्ता देने के लिए स्पेशल प्रोटेक्शन यूनिट (एसपीयू) के जवानों ने बैरिकेड को हाथ से हटाना शुरू किया। इस दौरान वहां तैनात ट्रैफिक कांस्टेबल ने भी बैरिकेड हटाने में उनकी मदद की।
इसी बीच दूसरी तरफ से एक शख्स साइकिल लेकर उस रास्ते की तरफ बढ़ा। उसकी साइकिल के कैरियर पर भारी सामान लदा हुआ था। पुलिस का कहना है कि ट्रैफिक कांस्टेबल ने साइकिल को आगे बढ़ने से रोकने के दौरान उसका अगला पहिया उठा दिया। अगला पहिया उठाए जाने के बाद भारी सामान के वजन के कारण साइकिल का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई। इस पूरी घटना का किसी ने वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वीडियो सामने आने के बाद प्राथमिक तौर पर ट्रैफिक कांस्टेबल की गलती नजर आने की बात पुलिस सूत्रों ने कही है। मुंबई पुलिस ने इसे गंभीरता से लेते हुए कांस्टेबल के खिलाफ डिसिप्लिनरी एक्शन शुरू कर दिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना के समय संबंधित कांस्टेबल पायधुनी ट्रैफिक डिवीजन में तैनात था। घटना के बाद उसे वहां से हटा दिया गया है। साथ ही उसे फिलहाल ट्रैफिक ड्यूटी से भी हटा दिया गया है।
मुंबई पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है और संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई जारी है। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस तरह के व्यवहार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस बीच राज्यसभा सांसद मिलिंद देवड़ा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर वीडियो शेयर करते हुए इस कृत्य की आलोचना की। उन्होंने लिखा, "वीआईपी कोई भी हो, काम पर जा रहे साइकिल सवार और उसकी साइकिल को धक्का देना बिल्कुल गलत है। हर नागरिक सम्मान का हकदार है। मुंबई पुलिस और मुंबई ट्रैफिक पुलिस, कृपया सख्त कार्रवाई करें और सुनिश्चित करें कि ऐसा दोबारा न हो।"
--आईएएनएस
एससीएच/डीकेपी
Leave A Reviews