मुंबई, 7 सितंबर (आईएएनएस)। मुंबई पुलिस ने मरीन ड्राइव के पास कोस्टल रोड पर तेज रफ्तार और लापरवाही से गाड़ी चलाने वाले 6-7 ड्राइवरों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने कहा है कि इन ड्राइवरों ने न सिर्फ अपनी बल्कि दूसरों की जान को भी खतरे में डाला।
![]()
मुंबई, 7 सितंबर (आईएएनएस)। मुंबई पुलिस ने मरीन ड्राइव के पास कोस्टल रोड पर तेज रफ्तार और लापरवाही से गाड़ी चलाने वाले 6-7 ड्राइवरों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने कहा है कि इन ड्राइवरों ने न सिर्फ अपनी बल्कि दूसरों की जान को भी खतरे में डाला।
मरीन ड्राइव पुलिस के अनुसार, यह घटना 3 सितंबर की रात करीब 11:15 बजे की है। कोस्टल रोड के साउथ-बाउंड स्ट्रेच पर कुछ कारों को तेज गति और खतरनाक तरीके से चलाते हुए देखा गया था, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने संज्ञान लिया और कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने बताया कि फुटेज में दिख रही गाड़ियों की पहचान कर ली गई है और उनमें शामिल लोगों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है। हालांकि, अभी तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
मरीन ड्राइव पुलिस स्टेशन में यह मामला 4 सितंबर की रात करीब 10:55 बजे दर्ज किया गया। शिकायत मरीन ड्राइव पुलिस स्टेशन से जुड़े एक पुलिस कॉन्स्टेबल ने की थी।
पुलिस के बयान के अनुसार, "मरीन ड्राइव के पास मुंबई कोस्टल रोड पर तेजी और लापरवाही से गाड़ी चलाने के लिए 6-7 कार ड्राइवरों पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने केस दर्ज किया है और जांच चल रही है।"
पुलिस ने अज्ञात कार ड्राइवरों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281 और 125 के साथ-साथ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 के तहत मामला दर्ज किया है। धारा 281 लापरवाही से वाहन चलाने और धारा 125 दूसरों की जान खतरे में डालने से संबंधित है।
पुलिस का कहना है कि कोस्टल रोड पर इस तरह की स्टंटबाजी और रेसिंग बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुंबई पुलिस लगातार ऐसे मामलों पर नजर रख रही है और सीसीटीवी फुटेज के जरिए निगरानी बढ़ा दी गई है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और ऐसी घटनाओं की जानकारी तुरंत थाने को दें।
--आईएएनएस
एससीएच/एबीएम
Leave A Reviews