
मुंबई. उम्र महज एक आंकड़ा है, और इस बात को बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर ने सच कर दिखाया है। हाल ही में नाना पाटेकर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जंगल की आग की तरह फैल रहा है, जिसमें वे जिम में पसीना बहाते और मुश्किल एक्सरसाइज करते नजर आ रहे हैं। 76 साल की उम्र में उनकी यह ऊर्जा और फिटनेस देखकर हर कोई दांतों तले उंगलियां दबा रहा है।
मशहूर फोटोग्राफर और प्रोड्यूसर अतुल कासबेकर ने इंस्टाग्राम पर नाना पाटेकर का एक रील शेयर किया है। इस वीडियो में नाना पाटेकर किसी हाई-प्रोफाइल जिम वियर के बजाय अपने सिग्नेचर देसी अंदाज में नजर आ रहे हैं। उन्होंने सफेद बनियान, हल्के भूरे रंग के शॉर्ट्स पहने हैं और गले में हमेशा की तरह 'गमछा' डाला हुआ है।
वीडियो में नाना बड़ी ही सहजता और बिना किसी कठिनाई के ट्राइसेप डिप्स (Tricep Dips) करते दिख रहे हैं। वर्कआउट खत्म करने के बाद उनके चेहरे पर एक सादगी भरी मुस्कान दिखाई देती है, जो उनके अनुशासन और संतोष को बयां करती है।
अतुल कासबेकर ने रील के कैप्शन में बताया कि नाना पाटेकर ने कुल 15 डिप्स लगाए। अतुल ने लिखा कि रिकॉर्डिंग थोड़ी देरी से शुरू हुई थी, लेकिन नाना की इस स्ट्रेंथ ने उन्हें अपने फिटनेस गोल्स पर दोबारा विचार करने के लिए मजबूर कर दिया है। अतुल ने नाना पाटेकर को अपनी प्रेरणा बताते हुए उनकी खूब तारीफ की।
नाना पाटेकर का यह वीडियो सामने आते ही बॉलीवुड की फिटनेस क्वीन शिल्पा शेट्टी ने भी उनकी जमकर सराहना की। सोशल मीडिया पर फैंस इस वीडियो को खूब शेयर कर रहे हैं। कोई उन्हें 'असली खिलाड़ी' बता रहा है, तो कोई कह रहा है कि नाना पाटेकर ने साबित कर दिया कि सादा जीवन और अनुशासन ही लंबी उम्र और सेहत का राज है।
Leave A Reviews