Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

नरसिंहपुर: बाजार से लौट रही बुजुर्ग महिला को अज्ञात वाहन ने कुचला, मौके पर मौत, शव उठाने से परिजनों का इनकार


नरसिंहपुर जिले के डोंगरगांव थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ कालदाऊ घाट स्थित सीतारेवा नदी के पास शनिवार सुबह एक अज्ञात वाहन ने पैदल जा रही एक बुजुर्ग महिला को बेरहमी से कुचल दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला ने मौके पर ही तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया। घटना के बाद आरोपी चालक अपने वाहन सहित मौके से फरार हो गया। इस हादसे के बाद से मृतका के परिजनों में भारी आक्रोश है और वे पुलिस कार्रवाई की मांग को लेकर शव उठाने से इनकार कर रहे हैं।

बाजार से घरेलू सामान लेकर लौट रही थी बुजुर्ग महिला

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान हरोबाई पति मूलचंद्र हरिजन (उम्र लगभग 65-70 वर्ष) के रूप में हुई है, जो गाडरवारा के चीचली थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत छेनाकछार के बांदरबारू गांव की रहने वाली थीं। बताया जा रहा है कि हरोबाई शनिवार सुबह पास के बाजार से घर का राशन और घरेलू सामान खरीदकर पैदल ही अपने घर लौट रही थीं।

जैसे ही वह सीतारेवा नदी के पास कालदाऊ घाट के समीप पहुंचीं, तभी सामने से आए एक तेज रफ्तार अनियंत्रित वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना स्थल पर महिला का छर्रा-छर्रा हुआ सामान और बाजार से खरीदा गया खाने का तेल बिखरा हुआ मिला, जो इस हादसे की भयावहता को बयां कर रहा था।

संदिग्ध ट्रैक्टर की आशंका, शव उठाने से अड़े परिजन

घटना की सूचना मिलते ही डोंगरगांव थाना पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेने का प्रयास किया। हालांकि, घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस को शव उठाने से रोक दिया। परिजनों का आरोप है कि हादसा एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से हुआ है, जो घटना के बाद तेजी से भाग निकला।

परिजनों ने दोटूक शब्दों में कहा है कि जब तक पुलिस टक्कर मारने वाले संदिग्ध वाहन और उसके चालक को तलाश कर गिरफ्तार नहीं कर लेती, तब तक वे शव का पोस्टमार्टम नहीं होने देंगे और न ही मौके से शव को उठाने देंगे। परिजनों के इस रुख के बाद घटना स्थल पर भारी तनाव और शोक का माहौल बना हुआ है।

अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस

डोंगरगांव पुलिस लगातार परिजनों को समझाने-बुझाने और ढाढस बंधाने का प्रयास कर रही है ताकि शव का पंचनामा बनाकर वैधानिक कार्रवाई आगे बढ़ाई जा सके।

थाना प्रभारी का बयान: डोंगरगांव थाना प्रभारी प्रकाश पाठक ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसा सुबह के वक्त हुआ है। महिला बाजार से घरेलू उपयोग का तेल और अन्य सामान लेकर लौट रही थीं, जो शव के पास ही पड़ा मिला है। परिजनों ने एक ट्रैक्टर द्वारा टक्कर मारे जाने की आशंका जताई है। फिलहाल टक्कर मारने वाला वाहन और चालक अज्ञात है। पुलिस ने परिजनों से मर्ग दर्ज कराने और पोस्टमार्टम के लिए सहयोग करने का आग्रह किया है। पुलिस की एक विशेष टीम आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ कर और संभावित रास्तों पर नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहन की सरगर्मी से तलाश कर रही है।

Share:

Leave A Reviews

Related News