
नरसिंहपुर जिले में शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व पर शक्ति की आराधना और सांस्कृतिक उल्लास का भव्य नजारा देखने को मिलेगा। मां जगत जननी जगदंबा की भक्ति को समर्पित पारंपरिक लोक शैली गरबा एवं डांडिया नृत्य के अंतर्गत एमआईएमटी (MIMT) कॉलेज परिसर में दो दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव 'अंतर्नाद 2.0' का आयोजन शुक्रवार, 16 अक्टूबर से प्रारंभ हो रहा है। 16 और 17 अक्टूबर 2026 को आयोजित होने वाले इस डांडिया महोत्सव को लेकर युवाओं और नगरवासियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
एमआईएमटी कॉलेज द्वारा प्रतिवर्ष नवरात्रि के उपलक्ष्य में गरिमामयी गरबा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन करने की समृद्ध परंपरा रही है। इसी कड़ी में इस वर्ष यह भव्य आयोजन एमआईएमटी कॉलेज, ए एंड आर कंस्ट्रक्शन तथा कृष्ण अवतार फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। महोत्सव के दौरान प्रतिभागी पारंपरिक परिधानों में सुसज्जित होकर डांडिया की ताल और मां अंबे की भक्ति से ओत-प्रोत भजनों पर गरबा रास प्रस्तुत करेंगे।
आयोजकों ने बताया कि इस दो दिवसीय सांस्कृतिक संध्या का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र की युवा पीढ़ी को अपनी समृद्ध धार्मिक धरोहर, क्षेत्रीय लोक परंपरा और लोकनृत्य शैलियों से जोड़ना है। आयोजन स्थल को आकर्षक विद्युत सज्जा और पारम्परिक रंग-बिरंगी थीम पर सजाया गया है। कार्यक्रम में उत्कृष्ट वेशभूषा, सर्वश्रेष्ठ डांडिया स्टेप्स और ऊर्जावान प्रस्तुतियों के लिए विभिन्न श्रेणियों में प्रतिभागियों को प्रोत्साहित भी किया जाएगा।
एमआईएमटी महाविद्यालय परिवार तथा आयोजन समिति के सदस्यों ने नगर के प्रबुद्ध नागरिकों, छात्र-छात्राओं एवं धर्मप्रेमी जनता से अधिक से अधिक संख्या में सपरिवार उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने और मां भगवती की आराधना में सहभागिता करने की अपील की है। आयोजन स्थल पर सुरक्षा, बैठक व्यवस्था और सुगम आवागमन के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं।
Leave A Reviews