
नरसिंहपुर. जिले के करेली थाना क्षेत्र अंतर्गत राकई बसेड़ी गांव में मंगलवार रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ एक 25 वर्षीय महिला की अज्ञात हमलावर ने बेरहमी से हत्या कर दी। मृतका की पहचान वंदना ठाकुर (पति पुष्पेंद्र ठाकुर) के रूप में हुई है, जिसका शव गेहूं और गन्ने के खेत की मेढ़ पर खून से लथपथ हालत में मिला। घटना के समय महिला का पति किसी काम से बाहर गया था और घर लौटने पर जब उसने अपनी पत्नी की तलाश शुरू की, तब इस खौफनाक मंजर का खुलासा हुआ।
पति ने टॉर्च की रोशनी में देखा पत्नी का शव जानकारी के अनुसार, वंदना और उसका पति पुष्पेंद्र राकई हार में रिजवान पटेल का खेत बटाई पर लेकर खेती और मजदूरी का काम करते थे। मंगलवार को पुष्पेंद्र किसी निजी कार्य से रातिकरार गया था। शाम को जब वह वापस लौटा और वंदना घर पर नहीं मिली, तो उसने अनहोनी की आशंका में टॉर्च जलाकर आसपास के खेतों में खोजबीन की। खेत की मेढ़ पर वंदना का शव देखकर उसके होश उड़ गए। मृतका के सिर और मुंह पर किसी भारी वस्तु या हथियार से वार किए जाने के गहरे निशान मिले हैं, जो हत्या की क्रूरता को दर्शाते हैं।
भाई ने जताया संदेह, पुलिस अधीक्षक ने लिया जायजा इस मामले में मृतका के भाई सोनू ठाकुर ने एक स्थानीय व्यक्ति पर हत्या का शक जताते हुए पुलिस को बयान दिए हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) डॉ. ऋषिकेश मीणा स्वयं मौके पर पहुँचे और एफएसएल (FSL) टीम के साथ घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और 238(ए) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस करेली थाना प्रभारी रत्नाकर हिंगवे ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट का इंतजार है। पुलिस फिलहाल मृतका के परिजनों और आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है ताकि हत्या के कारणों और आरोपी का सुराग लगाया जा सके। भाई द्वारा जताई गई शंका के आधार पर संदिग्धों की धरपकड़ के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस अंधे कत्ल का पर्दाफाश कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Leave A Reviews