
नरसिंहपुर। पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर रेल मंडल अंतर्गत करेली रेलवे स्टेशन पर रविवार 1 मार्च को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब स्टेशन मास्टर के कक्ष में एक कोबरा नागिन वायरिंग में उलझी हुई पाई गई।
दोपहर करीब 12 बजे स्टेशन मास्टर रूम में लगे ट्रेन कंट्रोल इलेक्ट्रिक पैनल के तारों के बीच हलचल देखी गई। पास जाकर जांच करने पर पता चला कि एक कोबरा नागिन तारों में फंसी हुई है। नागिन के ट्रेन कंट्रोल से जुड़े इलेक्ट्रिक बोर्ड तक पहुंचने से कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। एहतियात के तौर पर कर्मचारियों ने तुरंत कमरा खाली कराया और बिजली आपूर्ति बंद कर दी।
सूचना मिलने पर सर्पमित्र को मौके पर बुलाया गया। नागिन तारों में बुरी तरह उलझी हुई थी, जिससे उसे सुरक्षित निकालना चुनौतीपूर्ण हो गया। करीब आधे घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सर्पमित्र ने सावधानीपूर्वक नागिन को बाहर निकाला।
बचाव के बाद नागिन को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर जंगल में छोड़ दिया गया। समय रहते की गई कार्रवाई से एक संभावित बड़ा हादसा टल गया। रेलवे प्रशासन ने कर्मचारियों को सतर्क रहने और स्टेशन परिसर की नियमित जांच करने के निर्देश दिए हैं।
Leave A Reviews