
नरसिंहपुर. मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले में शुक्रवार दोपहर राष्ट्रीय राजमार्ग-45 (NH-45) पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में एक बाइक सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति बाल-बाल बच गए। पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
अष्टमी पूजन के बाद लौट रहा था दंपत्ति जानकारी के मुताबिक, 50 वर्षीय त्रिवेणी बाई अपने पति गया प्रसाद के साथ केरपानी गांव आई हुई थीं। शुक्रवार को अष्टमी पूजन संपन्न करने के बाद दोनों बाइक से वापस जबलपुर लौट रहे थे। दोपहर के समय जब वे गांव से मुख्य राजमार्ग की ओर मुड़ रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि त्रिवेणी बाई गंभीर रूप से घायल हो गईं और सड़क पर गिर पड़ीं।
सामाजिक कार्यकर्ता ने बढ़ाया मदद का हाथ हादसे के वक्त वहां से गुजर रहे ग्राम सरसला के सामाजिक कार्यकर्ता धर्मेश शर्मा की नजर घायल दंपत्ति पर पड़ी। उन्होंने संवेदनशीलता दिखाते हुए तुरंत अपनी कार रोकी और घायल महिला व उनके पति को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रोसरा पहुँचाया। हालांकि, अस्पताल पहुँचने पर डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद त्रिवेणी बाई को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की कार्रवाई और जांच घटना की सूचना मिलते ही सुआतला थाना पुलिस मौके पर पहुँची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एक्सीडेंट के बाद फरार हुए अज्ञात वाहन की पहचान के लिए पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों और चश्मदीदों से पूछताछ कर रही है। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।
Leave A Reviews