
नरसिंहपुर। जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. अनिल कुशवाहा ने सांदीपनि विद्यालय स्टेशन में हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी के विद्यार्थियों और शिक्षकों से संवाद करते हुए कहा कि “स्काई इज़ द लिमिट, लेकिन उसे छूने के लिए शिक्षा में मेहनत जरूरी है।” विद्यार्थियों को लक्ष्य तय कर उसे हासिल होने तक निरंतर मेहनत, अनुशासन और समय-प्रबंधन के साथ आगे बढ़ने की सीख दी
उन्होंने शिक्षकों से कहा कि प्रत्येक बच्चे के स्तर के अनुसार शिक्षण कराते हुए उसकी मेरिट में लगातार सुधार लाएं। तिमाही परीक्षा के आधार पर विद्यार्थियों की प्रगति की समीक्षा करें तथा जांची गई उत्तरपुस्तिकाएं दिखाकर उनकी गलतियों में सुधार कराएं।
हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी के शत-प्रतिशत परिणाम पर शिक्षकों को बधाई देते हुए डीईओ ने कहा कि अब लक्ष्य तय करें कि किसी भी विद्यार्थी का परिणाम 80 प्रतिशत से नीचे न रहे। NEET-JEE की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को पुराने प्रश्नपत्रों का अध्ययन कर प्रश्न-पैटर्न समझने और अपनी कमियों को दूर करने की सलाह दी गई।

शिक्षकों की समीक्षा बैठक में डॉ. कुशवाहा ने कहा कि मेहनत से मिलने वाली सफलता की खुशी हमेशा बनी रहती है। शिक्षक के लिए इससे बड़ी उपलब्धि क्या होगी कि उसके पढ़ाए बच्चे जीवन में सफल होकर आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि गुरु का दर्जा ईश्वर से भी ऊंचा माना गया है और शिक्षकों को बच्चों के उज्ज्वल भविष्य निर्माण की बड़ी जिम्मेदारी मिली है। उन्होंने पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ प्रत्येक बच्चे की क्षमता पहचानकर उसे सफलता की दिशा में आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर प्राचार्य प्रभात मिश्रा सहित विद्यालय परिवार उपस्थित रहा।

Leave A Reviews